हरियाणा के नूहं जिले में दिल्ली-अलवर मार्ग पर शनिवार को तेज गति से गुजर रहे ट्रक ने एक मालवाहक टेंपो को टक्कर मार दी. इस घटना में मालवाहक टेंपो में सवार तीन वर्षीय लड़के और दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के विभिन्न गांवों के करीब 14 लोग दिल्ली के पालम में एक विवाह समारोह से लौट रहे थे. ये सभी एक खुले मालवाहक टेंपो में सवार थे. पुलिस ने बताया कि रात करीब दो बजकर 15 मिनट पर जब उनका टेंपो रोजका मेव इलाके में दिल्ली-अलवर रोड पर पहुंचा तभी तेज गति से गुजर रहे एक ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो सड़क पर कई फुट तक घिसटता चला गया. टक्कर से टेंपो के टुकड़े-टुकड़े हो गए. कुछ राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया.
घायलों को AIIMS में किया रेफर
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में पिनहट की रहने वाली 28 वर्षीय चांदनी, शमशाबाद के रहने वाले 19 वर्षीय राम क्रांति और आगरा के रहने वाले तीन वर्षीय मृदुल की मौके पर ही मौत हो गई. प्रीति, अर्चना, चार वर्षीय तमन्ना और राम निवास गंभीर रूप से घायल हो गए. तमन्ना को नलहार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जबकि प्रीति, अर्चना और राम निवास की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रेफर कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, रोजका-मेव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पानीपत में फंदे पर लटकी 5 महीने की गर्भवती महिला, परिजनों ने जताया हत्या का शक
