राजस्थान के भीलवाड़ा (Bhilwara) जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की बुनियाद को झकझोर कर रख दिया है. पैसों की हवस, बीमा क्लेम (Insurance Claim) और संपत्ति विवाद ने एक इंसान को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपने ही सगे बड़े भाई की खौफनाक तरीके से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने इस मर्डर को ‘सड़क हादसा’ साबित करने की पूरी साजिश भी रच डाली.
हाइवे किनारे मिला था शव, छोटे भाई ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
मामला आसींद (Asind) उपखंड के गोविंदपुरा वार्ड नंबर 8 का है. 3 मई 2026 की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 158 (NH-158) के किनारे एक व्यक्ति का शव मिला था. पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर शिनाख्त की, तो उसकी पहचान किशन उर्फ मेवाराम खटीक के रूप में हुई. इसके बाद मेवाराम के छोटे भाई लक्ष्मीलाल खटीक ने ही पुलिस में हादसे की रिपोर्ट दर्ज करवाई. शुरुआत में यह मामला एक सामान्य सड़क दुर्घटना (Road Accident) ही लग रहा था.
राजस्थान: NEET गैस पेपर विवाद में देहरादून से एक को किया डिटेन, SOG बोली- ‘सैंकड़ों छात्रों के…’
पुलिस की जांच में उलझी ‘एक्सीडेंट’ की थ्योरी
मामले की जांच शुरू हुई तो भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने जब घटनास्थल और शव का बारीकी से मुआयना किया, तो कई सवाल खड़े हो गए. पुलिस ने देखा कि मृतक के शरीर पर अन्य कोई खरोंच या चोट नहीं थी, उसकी बाइक बिल्कुल सुरक्षित थी, और सिर्फ सिर पर किसी भारी चीज से गंभीर वार किया गया था.
संदेह के घेरे में आया फरियादी, फिर खुला राज
यहीं से आसींद थाना प्रभारी श्रद्धा पंचोरी और उनकी टीम को शक हुआ कि यह महज एक हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या (Pre-planned Murder) है. पुलिस ने कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, तो संदेह की सुई सीधे मृतक के छोटे भाई (फरियादी) लक्ष्मीलाल की ओर घूम गई.
कुल्हाड़ी से काटकर बोरे में भरा था शव
पुलिस की कड़ी पूछताछ में लक्ष्मीलाल टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि 10 लाख रुपये के लोन और संपत्ति (Property Dispute) को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी खुन्नस और बीमा क्लेम हासिल करने के लालच में उसने खौफनाक योजना बनाई. उसने बड़े भाई को घर बुलाया और रात में जब वह गहरी नींद में सो रहा था, तब कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से सिर पर कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद शव को एक कट्टे (बोरे) में भरा और हाईवे के किनारे फेंक दिया ताकि पुलिस इसे एक्सीडेंट मान ले.
थाना प्रभारी श्रद्धा पंचोरी ने बताया कि वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने सच्चाई को उजागर कर दिया और ‘फरियादी ही अपने भाई का कातिल’ निकला. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
‘कुछ छिपाने की कोशिश…’, PM मोदी की बचत की अपील पर क्या बोले सचिन पायलट?
