मुंबईकरों की जेब एक बार फिर ढीली होने वाली है. मुंबई में फिर से CNG के दाम बढ़ा दिए गए हैं. मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन यानी MMR में आज (गुरुवार, 14 मई) से CNG की नई कीमतें लागू हो गई हैं. अब 84 रुपये प्रति किलो की कीमत से सीएनजी भरी जाएगी.
महानगर गैस लिमिटेड यानी MGL ने CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी का फैसला किया है. इस बढ़ोतरी के बाद MMR में CNG की खुदरा कीमत अब 84 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. यानी अब तक 82 रुपये प्रति किलो मिलने वाली सीएनजी गैस, बढ़कर 84 प्रति किलो हो गई है. ये नई दरें गुरुवार (14 मई) लगते ही आधी रात से लागू कर दी गई हैं.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: पेट्रोल-डीजल संकट के बीच PM की अपील पर CM देवेंद्र फडणवीस का बड़ा फैसला, कर दिया ये ऐलान
CNG ऑटो और टैक्सी पर पड़ेगा ज्यादा असर
सीएनजी के दाम में बढ़ोतरी की वजह पश्चिम एशिया में जारी मौजूदा संघर्ष के चलते वैश्विक ऊर्जा बाजार में पैदा हुए संकट और ईंधन खरीद लागत में बढ़ोतरी को बताया जा रहा है. बढ़ी हुई कीमतों का सबसे ज्यादा असर सीएनजी से चलने वाले ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों पर पड़ने की संभावना है.
महंगाई से परेशान है आम जनता
एक ओर सीएनजी के दाम बढ़ रहे हैं, दूसरी ओर रोजाना ऑटो-टैक्सी से सफर करने वाले यात्री परेशान हैं. लोगों का कहना है कि पहले ही महंगाई की वजह से घर का बजट बिगड़ रहा है. अब ट्रांसपोर्ट का खर्चा भी बढ़ जाएगा. रोज काम पर जाना मुश्किल हो जाएगा. फिलहाल, किराया बढ़ाने को लेकर परिवहन विभाग और संबंधित प्राधिकरण ने कोई फैसला नहीं लिया है, लेकिन आशंका है कि गैस के दाम बढ़ने का बोझ यात्रियों पर आएगा.
यह भी पढ़ें: अखाड़ों को 5 करोड़, बिजली बिल फ्री, नाशिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले को लेकर CM फडणवीस का बड़ा ऐलान
