महोबा शहर के पुराने प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में शराबी के नशे में धुत अराजकतत्वों ने जमकर उत्पात मचाया है. करीब 10 की संख्या में शराब के नशे में धुत 10 युवकों ने पार्किंग में खड़ी छह कारों और एक बस में पथराव कर क्षतिग्रस्त किया. इतना ही नहीं उपद्रवियों ने पास के मॉल को भी निशाना बनाया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
बताया जा रहा है कि रात के वक्त करीब 8 से 10 युवक शराब पीकर आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते इनका विवाद इतना बढ़ गया कि इन्होंने परिसर को निशाना बनाना शुरू कर दिया. नशे में चूर इन उपद्रवियों ने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर बड़े-बड़े पत्थरों से हमला बोल दिया.
आधा दर्जन से अधिक वाहनों को किया क्षतिग्रस्त
इस तांडव में इलाके के ही रहने वाले भवानीदीन राठौर, आशीष शिवहरे, विपिन अग्रवाल, अमित कुमार और धर्मेंद्र सोनी की खड़ी कारों सहित कुल 6 कारों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया. अराजकतत्वों का मन इतने से भी नहीं भरा, तो उन्होंने बस स्टैंड पर खड़ी एक बस के शीशे भी पत्थर मारकर तोड़ डाले. इसके अलावा, सामने संचालित सिटी कार्ट मॉल की बंद शटर पर भी जमकर पथराव किया गया.
घटना में वाहन मालिकों को हुआ लाखों का नुकसान
पीड़ित वाहन स्वामियों के मुताबिक, इस पूरी तोड़फोड़ में कुल छह कारें और एक बस क्षतिग्रस्त हुई है, जिससे उनका करीब 3 से 4 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है. कार स्वामी धर्मेंद्र सोनी और आशीष शिवहरे ने बताया कि यह सभी आरोपी आसपास के ही रहने वाले हैं और जिनकी पहचान लगे सीसीटीवी कैमरो से की जा सकती है.
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि सभी आरोपियों की पहचान की जा सके. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में भी ले लिया है. फिलहाल, स्थानीय लोगों और पीड़ितों ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
नोएडा में देर रात खूनी वारदात, छत पर सो रहे परिवार पर धारदार हथियार से हमला, महिला की मौत
