Headlines

लखनऊ में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने दे दिया जीत का मंत्र, सांसद-विधायकों को सीधा संदेश


भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक शंखनाद करते हुए पार्टी के सांसदों और विधायकों को जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया. उन्होंने विपक्ष पर जातीय राजनीति और भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा ‘नेशन फर्स्ट’ की है और कार्यकर्ताओं को किसी भी भ्रामक नैरेटिव में फंसे बिना सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाना होगा.

बीजेपी अध्यक्ष ने दावा किया कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को माफिया राज और अराजकता से निकालकर कानून व्यवस्था और सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल बनाया है. लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में आयोजित सांसदों और विधायकों की बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार कभी अराजकता, भ्रष्टाचार और जातीय राजनीति की पहचान थे, लेकिन बीजेपी सरकार ने इस तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है.

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने माफिया और बाहुबलियों के समानांतर सत्ता तंत्र को समाप्त कर कानून का राज स्थापित किया है, जिसकी चर्चा आज पूरे देश में हो रही है. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वह एक बार फिर जातीय समीकरण और भ्रम की राजनीति के जरिए समाज को बांटने की कोशिश कर रहा है, जबकि भाजपा समाज को जोड़ने की राजनीति करती है.

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर बृजभूषण सिंह का बड़ा दावा, ‘पहले दिन से चल रहा खेल, मैंने 4 साल पहले…’

अगले सात-आठ महीने संगठन और जनप्रतिनिधियों के लिए निर्णायक होंगे- नितिन नवीन

बीजेपी अध्यक्ष ने सांसदों और विधायकों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों से संवाद बढ़ाएं. उन्होंने कहा कि करोड़ों लाभार्थी बीजेपी सरकारों से सीधे जुड़े हैं, लेकिन यदि यह समर्थन मतदान में पूरी तरह नहीं बदल रहा है तो संवाद की कमी को दूर करना होगा. अगले सात-आठ महीने संगठन और जनप्रतिनिधियों के लिए निर्णायक होंगे. यदि सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में उतरें तो वर्ष 2027 में बीजेपी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी.

अभी से बूथ स्तर तक तैयारी तेज करनी होगी- सीएम योगी आदित्यनाथ

इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2027 का चुनाव जीतने के लिए अभी से बूथ स्तर तक तैयारी तेज करनी होगी. अगले छह महीने जनसंपर्क अभियान और सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव पहुंचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं. विपक्ष विकास के मुद्दे पर मुकाबला नहीं कर पा रहा है, इसलिए भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और उत्तर प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं.

जनप्रतिनिधि चुनावी संदेश को बूथ स्तर तक पहुंचाएं- पंकज चौधरी 

उन्होंने सांसदों और विधायकों से चयनित युवाओं और उनके परिवारों से संपर्क बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही लोग सरकार की पारदर्शी कार्यशैली के सबसे बड़े प्रमाण हैं. प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक अभियान का शंखनाद है. उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से चुनावी संदेश को बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को प्रत्येक मतदाता तक ले जाने का आह्वान किया.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *