Headlines

बिस्तर से गिरने की कहानी निकली झूठी, 11 महीने की बच्ची की मौत बनी मर्डर मिस्ट्री, पुलिस ने पिता को किया गिरफ्तार


बेंगलुरु के अवलाहल्ली थाना क्षेत्र के कितगनूर में 11 महीने की बच्ची की मौत का मामला अब हत्या के केस में बदल गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों को लेकर पुलिस ने बच्ची के माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार 9 जून को दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच हुई घटना में बच्ची रेणुका के बारे में शुरुआत में बताया गया था कि वह स्तनपान के दौरान मां विजयलक्ष्मी के सो जाने पर खाट से नीचे गिर गई थी. 

बच्ची के पिता शेखप्पा उसे तुरंत ईस्ट पॉइंट अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत के कारणों का पता लगाने के लिए उस समय अप्राकृतिक मृत्यु (यूडीआर) का मामला दर्ज किया गया था. हालांकि बाद में आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के चेहरे, सीने और पैरों पर कई चोटों के निशान मिले, जो लगभग दो फीट ऊंची खाट से गिरने की कहानी से मेल नहीं खाते थे. 

क्या है पूरा मामला
जांच के दौरान गवाहों ने बताया कि विजयलक्ष्मी और उसके पति के बीच पड़ोसी के साथ कथित संबंधों को लेकर अक्सर विवाद होता था. पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था. आरोप है कि इसी दौरान विजयलक्ष्मी ने बच्ची को पैर से मारा और गुस्से में शेखप्पा ने बच्ची को जोर से जमीन पर पटक दिया. मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची की मौत अत्यधिक रक्तस्राव, सांस लेने में दिक्कत और शरीर के अंदरूनी अंगों को गंभीर क्षति पहुंचने के कारण होने की पुष्टि हुई है.

इन तथ्यों, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि बच्ची की मौत जानबूझकर किए गए हमले का परिणाम थी. इसके बाद दोनों माता-पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस ने क्या बताया
व्हाइटफील्ड डिवीजन के डीसीपी Saidulu Adavath ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और बच्ची के पिता शेखप्पा को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं मां विजयलक्ष्मी की भूमिका की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. आरोपी शेखप्पा (22) मूल रूप से चमनहल्ली (Chamanahalli) का रहने वाला है और ट्रैक्टर चालक के रूप में काम करता है. वह करीब 4 साल पहले अपने परिवार के साथ बेंगलुरु आया था. मृत बच्ची रेणुका उसकी दूसरी संतान थी.

ये भी पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *