पॉपुलर शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम एक्टर शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा लोढ़ा शादी के बंधन में बंध चुकी हैं. उन्होंने 6 जुलाई को बैंकर शाश्वत संग सात फेरे लिए. वेडिंग फंक्शन से जुड़े फोटोज और वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. स्वरा और शाश्वत की शाही शादी में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, एक्टर विक्की कौशल समेत कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं. स्वरा और शाश्वत की शादी जोधपुर के लग्जरी उम्मेद भवन पैलेस में हुई. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस शाही पैलेस में एक रात ठहरने के लिए कितना किराया देना पड़ता है.
प्रियंका चोपड़ा के वेडिंग वेन्यू पर हुई शैलेश लोढ़ा की बेटी की शादी
स्वरा और शाश्वत की शादी दो जगह हुई है. पहले मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक निजी समारोह आयोजित किया गया. इसके बाद राजस्थान के उम्मेद भवन पैलेस में तीन दिन तक चले शाही वेडिंग सेलिब्रेशन के दौरान दोनों ने पूरे रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए. खास बात ये है कि इस पैलेस में प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास की शादी धूमधाम से हुई थी.
उम्मेद भवन पैलेस में एक रात ठहरने का किराया
अगर आप भी उम्मेद भवन पैलेस में ठहरने का प्लान बना रहे हैं, तो इसके लिए अच्छा-खासा बजट रखना होगा. आजतक के अनुसार, यहां डीलक्स रूम का किराया करीब 42,600 रुपये प्रति रात से शुरू होता है. वहीं, महारानी सुइट में एक रात ठहरने के लिए 8 लाख रुपये या उससे अधिक खर्च करना पड़ सकता है. हालांकि, अलग-अलग कमरे और सुइट्स का किराया उनकी फैसिलिटीज के अनुसार बदल सकता है.
पैलेस में क्या-क्या फैसिलिटीज?
उम्मेद भवन पैलेस में मेहमानों के लिए कई लग्जरी फैसिलिटीज उपलब्ध हैं. यहां शानदार कमरे और सुइट्स के अलावा फैमिली म्यूजियम, बैंक्वेट हॉल, लाइब्रेरी, बॉलरूम, इंडोर स्विमिंग पूल, टेनिस कोर्ट, मार्बल स्क्वैश कोर्ट, स्पा, फिटनेस सेंटर और बेहतरीन डाइनिंग की सुविधा भी मिलती है.
अगर उम्मेद भवन पैलेस में करीब 200 मेहमानों के साथ शादी की जाए, तो सिर्फ मेहमानों के ठहरने का खर्च ही 60 से 70 लाख रुपये तक पहुंच सकता है. वहीं, प्रीमियम सुइट्स बुक कराने पर ये खर्च और बढ़ जाता है. खाने की बात करें तो लंच और डिनर पर ही करीब 16 से 22 लाख रुपये तक खर्च हो सकता है.
शाही शादी के लिए इतना होना चाहिए आपका बजट
इसके अलावा मंडप और वेन्यू की सजावट, फूलों की डेकोरेशन, लाइटिंग, साउंड, डीजे, फोटोग्राफी, मेकअप, मेहंदी, लोक कलाकार और परिवहन जैसी व्यवस्थाओं का खर्च अलग से जुड़ता है. इन सभी खर्चों को मिलाकर उम्मेद भवन पैलेस में शाही शादी का कुल बजट करीब 1 करोड़ से 3.5 करोड़ रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकता है.
