जेनिफर विंगेट और करण सिंह ग्रोवर की लव स्टोरी की शुरुआत साल 2007 में मेडिकल ड्रामा सीरियल ‘दिल मिल गए’ के सेट पर हुई थी. इस शो में करण सिंह ग्रोवर ‘डॉ. अरमान मलिक’ और जेनिफर विंगेट ‘डॉ. रिद्धिमा गुप्ता’ के किरदार में नजर आई थीं.
पर्दे पर दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया. साथ काम करते-करते शूटिंग के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और उनकी दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई. देखते ही देखते दोनों टीवी इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल्स में शामिल हो गए.
जब जेनिफर और करण दोस्त बने, तब करण सिंह ग्रोवर पहले से शादीशुदा थे. उन्होंने 2008 में एक्ट्रेस श्रद्धा निगम से शादी की थी, लेकिन ये शादी महज 10 महीने ही टिक सकी और 2009 में उनका तलाक हो गया.
पहली शादी टूटने के बाद करण के मुश्किल दौर में जेनिफर ने उनका काफी साथ दिया, जिससे दोनों का रिश्ता और गहरा हो गया. कुछ साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद करण और जेनिफर ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया.
9 अप्रैल 2012 को दोनों ने एक बेहद निजी समारोह में शादी कर ली. इस शादी में केवल उनके परिवार वाले और कुछ खास दोस्त ही शामिल हुए थे. शादी के बाद दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं और उन्हें टीवी टाउन का ‘पावर कपल’ माना जाने लगा.
शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन शादी के महज दो साल बाद ही यानी 2014 में दोनों के अलग होने की खबरें आने लगीं. इंडिया टुडे के अनुसार, करण सिंह ग्रोवर को फिल्म ‘अलोन’ मिली, जिसमें उनके अपोजिट बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु थीं.
फिल्म की शूटिंग के दौरान करण और बिपाशा की नजदीकियां बढ़ने लगीं. कहा जाता है कि करण के इसी बदलते स्वभाव और एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर की खबरों की वजह से जेनिफर के साथ उनके रिश्ते में खटास आ गई. साल 2014 में जेनिफर और करण का तलाक हो गया.
जेनिफर से तलाक के तुरंत बाद करण ने साल 2016 में बिपाशा बसु से शादी कर ली. आज दोनों की एक बेटी देवी है और वो अपनी शादीशुदा जिंदगी में खुश हैं.
अब 41 साल की उम्र में जेनिफर दूसरी शादी करने जा रही हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, एक्ट्रेस कल यानी 16 जुलाई को बिजनेसमैन विलियम इश्माएल के साथ सात फेरे लेंगी.
Published at : 16 Jul 2026 05:44 AM (IST)
