दिल्ली-एनसीआर के लोगों की सुबह बारिश के साथ शुरू हुई है. आज शुक्रवार (17 जुलाई) को आसमान में घनघोर बादल छाये हुए हैं और मौसम का मिजाज थोड़ा बदला हुआ है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 19 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर असर डाल सकता है.
विभाग के अनुसार, गुरुवार (16 जुलाई) को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है. इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 69 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 44 प्रतिशत दर्ज किया गया.
कैसा रहा पिछले 24 घंटों का तापमान?
विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया. पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27-30 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38-39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस दौरान दिल्ली में पश्चिम दिशा से 20-25 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलीं और झोंको के साथ इसकी गति 20-25 किमी/घंटा तक पहुंच गई.
कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम?
IMD के अनुसार, आज पूरे दिन आसमान में बादल छाये रहेंगे और दोपहर से शाम के बीच कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्कीस्तर की बारिश का अनुमान है. हालांकि, कुछ इलाकों में उमस से भरी गर्मी परेशान कर सकती है. इस दौरान दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सतही हवाएं चल सकती हैं. आज अधिकतम तापमान 38-39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
विभाग का अनुमान है कि अगले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, उसके बाद दिल्ली के तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. 17 और 18 जुलाई को दिल्ली में कुछ जगहों पर गर्मी और उमस रहेगी. हालांकि, कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ दोपहर या शाम के समय बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली के सीलमपुर में महिला की बेरहमी से हत्या, पति पर शक; बेटी ने सुनाई खौफनाक कहानी
