कुलदीप यादव इंग्लैंड में धमाल मचा रहे हैं. शुक्रवार को वनडे कप में उन्होंने डरहम के खिलाफ मैच में 2 विकेट चटकाए. यह टूर्नामेंट में लगातार चौथा मैच है, जब कुलदीप ने मैच में 2 विकेट चटकाए हैं. डरहम और यॉर्कशायर का मैच 31 जुलाई को क्लिफटन पार्क ग्राउंड पर खेला गया.
ग्रुप बी के इस मुकाबले में डरहम की टीम पहले बल्लेबाजी करने आई थी. कुलदीप यादव ने 10 ओवरों के स्पेल में सिर्फ 23 रन देकर 2 बल्लेबाजों को आउट किया. कुलदीप ने पहले बेन स्टोक्स को चलता किया, जो 39 गेंद में सिर्फ 12 रन बना पाए. वहीं उन्होंने कॉलिन एकरमैन को भी अपना शिकार बनाया, जिन्होंने 26 रनों का योगदान दिया. कुलदीप की घातक गेंदबाजी के चलते डरहम की टीम सिर्फ 165 रन बना पाई.
4 मैचों में 8 विकेट
कुलदीप यादव को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में एक भी मैच खेलने को नहीं मिला था. मगर उनके वनडे कप के आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में वो कितने प्रभावी साबित हो सकते थे. अब तक 4 मुकाबलों में 8 विकेट चटकाए हैं और उन्होंने अच्छे इकोनॉमी रेट, 4.18 से बॉलिंग की है.
गजब की बात यह है कि अब तक यॉर्कशायर के लिए कुलदीप ने जितने भी मैच खेले हैं, वे सभी यॉर्कशायर ने जीते हैं. कुलदीप टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक बने हुए हैं. कुलदीप सिर्फ गेंद से ही नहीं बल्कि बल्ले से भी कमाल कर रहे हैं. अब तक 2 पारियों में उन्होंने 34 रन बनाए हैं.
अब श्रीलंका सीरीज में खेलेंगे
भारतीय टीम की बात करें तो कुलदीप यादव को श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वाड में चुना गया है. भारत और श्रीलंका की 2 टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से शुरू हो रही है. कुलदीप ने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला इसी साल जून में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने कुल 3 विकेट चटकाए थे.
यह भी पढ़ें:
क्लीन शेव, रोहित शर्मा का न्यू लुक; नहीं पहचान पाएंगे आप
भुवनेश्वर की वापसी, अभिषेक-संजू-वैभव OUT; 2027 वर्ल्ड कप के लिए अश्विन की टीम
