Headlines

20 साल बाद कोलकाता लौटीं तसलीमा नसरीन, क्यों मच गया हंगामा?


तसलीमा नसरीन करीब दो दशक बाद एक बार फिर कोलकाता पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी वापसी इस बात का प्रमाण है कि अन्याय लंबे समय तक चल सकता है, लेकिन हमेशा के लिए नहीं रहता. उन्होंने यह भी कहा कि वह उस दिन का इंतजार कर रही हैं, जब किसी लेखक को अपने विचारों के कारण अपना देश छोड़ने के लिए मजबूर न होना पड़े. वहीं, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि जब भी वह राज्य आएंगी, उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी.

कोलकाता लौटकर भावुक हुईं तसलीमा नसरीन

शनिवार (1 अगस्त) को कोलकाता में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में तसलीमा नसरीन ने कहा कि शहर लौटकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे वह अपने जीवन के उस हिस्से में वापस आ गई हैं जिसे वह यहां छोड़कर गई थीं. उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी लेखक को अपने विचार व्यक्त करने की वजह से निर्वासन का जीवन न जीना पड़े, यही उनकी सबसे बड़ी कामना है.

तसलीमा ने कहा, “मेरी वापसी इस बात का सबूत है कि अन्याय लंबे समय तक रह सकता है, लेकिन स्थायी नहीं होता. मैं उस दिन का सपना देखती हूं, जब किसी लेखक को अपने देश से निर्वासित न होना पड़े.”

महिलाओं के अधिकारों की बात करने आई हूं

तसलीमा नसरीन ने स्पष्ट किया कि उनका कार्यक्रम में आने का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है. उन्होंने कहा कि वह न तो किसी राजनीतिक दल के समर्थन में बोलने आई हैं और न ही किसी के विरोध में. उनका उद्देश्य केवल महिलाओं के अधिकारों की बात करना है.

उन्होंने कहा कि यूरोप ने उन्हें नागरिकता और रहने की जगह दी, लेकिन बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल में उन्हें रहने के लिए एक छोटा-सा ठिकाना भी नहीं मिल सका. तसलीमा ने कहा कि किसी अदालत ने उन्हें कभी दोषी नहीं ठहराया, लेकिन अपने विचार खुलकर रखने की वजह से उन्हें कट्टरपंथियों के विरोध और निर्वासन की कीमत चुकानी पड़ी.

ये भी पढ़ें-IBPS क्लर्क भर्ती के लिए आवेदन शुरू, 11403 पदों पर निकली वैकेंसी

सुभेंदु अधिकारी ने सुरक्षा का दिया भरोसा

रवींद्र सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने तसलीमा नसरीन का स्वागत किया और कहा कि जब भी वह पश्चिम बंगाल आएंगी, राज्य सरकार उन्हें पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराएगी.

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री और पुलिस विभाग के प्रभारी के रूप में यह मेरा कर्तव्य है कि जब भी आप पश्चिम बंगाल आएं, आपको पूरी सुरक्षा दी जाए.”

उन्होंने यह भी कहा कि तसलीमा जब चाहें और जितनी बार चाहें पश्चिम बंगाल आ सकती हैं. सुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि सरकार बदलने के साथ राज्य भी बदला है और अब यहां संविधान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मौलिक अधिकार सुरक्षित हैं.

2007 में छोड़ना पड़ा था कोलकाता

तसलीमा नसरीन वर्ष 2004 से 2007 तक कोलकाता में रही थीं. उनकी आत्मकथा ‘द्विखंडितो’ के कुछ हिस्सों को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसके बाद तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार ने इस पुस्तक पर प्रतिबंध लगा दिया था. कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए नवंबर 2007 में उन्हें कोलकाता छोड़ना पड़ा था.

इससे पहले बांग्लादेश में अपनी लेखनी को लेकर इस्लामी कट्टरपंथियों से मिली धमकियों के बाद तसलीमा ने वर्ष 1994 में अपना देश छोड़ दिया था. तब से वह निर्वासन का जीवन जी रही हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *