पाकिस्तानी क्रिकेटर हमजा नजर बुरी तरह फंस गए हैं. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उनके खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए 2 साल का बैन लगा दिया है, साथ में जुर्माना भी लगाया है. अब वह 2 साल तक इंटरनेशनल क्रिकेट में तो क्या घरेलू क्रिकेट में भी हिस्सा नहीं ले सकते. बता दें कि PCB ने इस मामले में जांच समिति बनाई थी, जिसने हमजा को उनका पक्ष रखने और जवाब देने का मौका दिया था. बोर्ड ने इसको लेकर स्टेटमेंट जारी किया.
PCB ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि हमजा नजर पर सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट गतिविधियों में हिस्सा लेने से दो साल का बैन लगा दिया गया है. उन पर 10 लाख पाकिस्तानी रुपये (PKR) का जुर्माना भी लगाया गया है. बोर्ड ने तीन सदस्यों वाली एक जांच समिति बनाई थी जिसने हमजा को अपना पक्ष रखने और विचाराधीन मामलों पर जवाब देने का मौका दिया. उनकी बात सुनने, उपलब्ध जानकारी की समीक्षा करने और सभी संबंधित परिस्थितियों पर विचार करने के बाद, समिति ने अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को सौंप दी है.
हमजा नजर पर क्यों लगा बैन
PCB के जरिए वीजा के लिए आवेदन करने के दौरान हमजा नजर ने गलत जानकारी दी, जिसके बाद यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है. उनके खिलाफ जांच हुई, जिसमे सामने आया कि आवेदन के दौरान क्रिकेटर ने गलत और अधूरी जानकारी दी. उन्होंने तथ्यों को नहीं बताया और गुमराह करने वाली बातें बताईं.
यह भी पढ़ें- फाफ डु प्लेसिस रिलीज, कई खिलाड़ियों की बदली टीम; सभी टीमों के स्क्वॉड का एलान
समिति की रिपोर्ट के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हमजा नजर को सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से बैन करने का फैसला किया है. बोर्ड ने 2 साल का प्रतिबंध लगाया है और 10 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया है.
27 वर्षीय हमजा नजर अभी पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल डेब्यू नहीं कर पाए हैं. उन्होंने 16 फर्स्ट क्लास मैचों की 27 पारियों में 748 रन बनाए हैं और 26 विकेट लिए हैं. फर्स्ट क्लास में उनके नाम 1 शतक और 5 अर्धशतक हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 15 मैच खेले हैं, जिनकी 13 पारियों में उन्होंने 192 रन बनाए हैं. लिस्ट में उनके नाम 18 विकेट हैं. टी20 में हमजा ने 10 मैच खेले हैं, जिसमें 65 रन बनाए हैं और 5 विकेट लिए हैं.
यह भी पढ़ें- वनडे में बिना शतक के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 7 बल्लेबाज, नंबर-1 मिस्बाह उल हक
