इम्तियाज अली की हालिया रिलीज फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ ने बॉक्स ऑफिस पर काफी शानदार परफॉर्म किया. इसे क्रिटिक्स और दर्शकों से खूब तारीफ मिली थी. बंटवारे के बैकग्राउंड पर बनी इस लव स्टोरी को शुरुआत में सिनेमाघरों में कम रिस्पॉन्स मिला, लेकिन फिर पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ इसके लिए संजीवनी साबित हुआ और इसका असर बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन पर भी दिखा. थिएटर में 50 दिन तक गर्दा उड़ाने बाद अब ये फिल्म ओटीटी पर रिलीज हो गई है. जानते हैं इसे कहां देख सकते हैं?
‘मैं वापस आऊंगा’ को ओटीटी पर कब और कहां देख सकते हैं?
बता दें कि गुरुवार को नेटफ़्लिक्स इंडिया के ऑफ़िशियल इंस्टाग्राम अकाउंट ने ‘मैं वापस आऊंगा’ की स्ट्रीमिंग की तारीख़ कन्फर्म की थी और बताया कि फिल्म 7 अगस्त, 2026 (आज) को प्लेटफ़ॉर्म पर प्रीमियर हो रही है. पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, “78 साल पहले जो कहानी अधूरी रह गई थी, वह अब पूरी होगी! ‘मैं वापस आऊंगा’ देखें, 7 अगस्त को नेटफ़्लिक्स पर!”
‘मैं वापस आऊंगा’ की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
बता दें कि ‘मैं वापस आऊंगा’ जून में सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई और इसे काफी अच्छे रिव्यू मिले थे. लेकिन बॉक्स ऑफ़िस पर इसकी शुरुआत धीमी रही. हालांकि, इसके बाद जो हुआ उसने कई ट्रेड जानकारों को हैरान कर दिया, क्योंकि पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ की वजह से यह फ़िल्म साल की सबसे ज़्यादा चर्चा में रहने वाली सफल फिल्मों में से एक बन गई.
फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क के मुताबिक, ‘मैं वापस आऊंगा’ का भारत में नेट कलेक्शन 65.10 करोड़ है जबकि ग्रॉस कलेक्शन 77.34 करोड़ रुपये रहा. फिल्म ने ओवरसीज से 21.98 करोड़ बटोरे. जिसके बाद इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 99.32 करोड़ रहा.
‘मैं वापस आऊंगा’ किस बारे में
इम्तियाज अली की डायरेक्ट की गई ये फिल्म एक 95 साल के बुज़ुर्ग की कहानी है, जिन्हें पाकिस्तान पहुंचने की जबरदस्त कोशिश के दौरान स्ट्रोक आ जाता है. जैसे-जैसे उनकी याददाश्त आती-जाती रहती है, उनका पोता बंटवारे से पहले के समय की बिखरी हुई यादों को जोड़ने लगता है, जबकि वह बुज़ुर्ग अपनी जिंदगी के आखिरी दिनों में सुकून पाने की कोशिश करते हैं. असल में, यह फिल्म दिखाती है कि सरहदें खिंचने के दशकों बाद भी बंटवारे का इंसानी असर कैसे महसूस किया जाता है.
‘मैं वापस आऊंगा’ स्टार कास्ट
फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो इम्तियाद अली निर्देशित ‘मैं वापस आऊंगा’ में नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, शरवरी वाघ और वेदांग रैना ने अहम रोल प्ले किया है. बता दें कि ये फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.
ये भी पढ़ें:-Ramayana Release Date: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की रिलीज डेट हुई कंफर्म, जानें- कब सिनेमाघरों में देगी दस्तक
