बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले जन सुराज (Jan Suraaj) के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) के शपथ ग्रहण कार्यक्रम की तारीख आ गई है. 17 अगस्त को प्रशांत किशोर बिहार विधानसभा के सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे. शुक्रवार (14 अगस्त, 2026) को इस संबंध में बिहार विधानसभा के उप सचिव ने पत्र जारी करते हुए इसकी जानकारी दी है.
जानकारी दी गई है कि बिहार विधानसभा के स्पीकर प्रेम कुमार शपथ दिलाएंगे. शपथ ग्रहण कार्यक्रम बिहार विधानसभा के अध्यक्ष के कार्यालय में होगा. सुबह 10.30 बजे का समय दिया गया है.
पत्र में क्या लिखा गया है?
बिहार विधानसभा के उप सचिव की ओर से जारी पत्र में लिखा गया है, “निर्देशानुसार सूचित करना है कि भवदीय का शपथ ग्रहण दिनांक-17.08.2026 को 10:30 बजे (पूर्वा.) में बिहार विधानसभा के मुख्य भवन स्थित माननीय अध्यक्ष महोदय के कार्यालय कक्ष में निर्धारित किया गया है. अतः अनुरोध है कि उक्त निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर शपथ ग्रहण / प्रतिज्ञान हेतु उपस्थित होने की कृपा की जाए.”
बीजेपी के गढ़ में जीते हैं प्रशांत किशोर
बता दें कि बांकीपुर में 30 जुलाई को उपचुनाव हुआ था. रिजल्ट 3 अगस्त को आया था. बांकीपुर से जो नतीजे आए उसने सबको चौंका दिया था. बांकीपुर बीजेपी का गढ़ माना जाता था और पार्टी निश्चिंत थी कि जीत तय है. जब काउंटिंग शुरू हुई तो प्रशांत किशोर हर राउंड में आगे रहे और बीजेपी के गढ़ से जीतने वाले जन सुराज के पहले विधायक बन गए.
यह भी पढ़ें- बिहार में शराबबंदी की होगी समीक्षा? चिराग पासवान का बड़ा बयान
तीन अगस्त को 32 राउंड में गिनती हुई थी. प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले थे. वहीं बीजेपी के प्रत्याशी नीरज सिन्हा को 44,827 वोट मिला था. इस तरह प्रशांत किशोर 19,324 वोटों से जीत गए. 14,273 वोटों के साथ आरजेडी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता तीसरे नंबर पर रहीं.
यह भी पढ़ें- प्रशांत किशोर अब इस केंद्रीय मंत्री की खोलेंगे कुंडली? दे दी चेतावनी
