कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से शनिवार (15 अगस्त) को पंजाब लोक भवन की तरफ मार्च निकालने की कोशिश को लेकर चंडीगढ़ में तनाव की स्थिति बन गई. प्रदर्शनकारियों को पंजाब लोक भवन की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई थी. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की.
दो लेयर की बैरिकेडिंग तोड़ी
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि कौमी इंसाफ मोर्चा की तरफ से पंजाब लोक भवन की ओर मार्च का ऐलान किया गया था, लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी थी. इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने चंडीगढ़ में प्रवेश करने की कोशिश की और पुलिस की ओर से लगाई गई दो लेयर की बैरिकेडिंग को तोड़ दिया.
नॉन-लीथल फोर्स का इस्तेमाल
एसएसपी कंवरदीप कौर के मुताबिक, बैरिकेडिंग टूटने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए नॉन-लीथल फोर्स का इस्तेमाल किया. पुलिस का कहना है कि इस दौरान प्रदर्शनकारियों की तरफ से पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया गया.
पथराव की घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं. घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और प्रदर्शन के दौरान हुई गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है.
सिमरनजीत सिंह मान भी हिरासत में
एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारी चंडीगढ़ में प्रवेश करने में सफल रहे थे. ऐसे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. इनमें शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के नेता सिमरनजीत सिंह मान भी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए सभी लोगों का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है.
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. साथ घायल पुलिसकर्मियों का इलाज भी जारी है.
