झारखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को सोमवार (17 अगस्त) को फिर से बातचीत के लिए आमंत्रित किया है. यह फैसला यहां प्रदर्शन स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और अपर जिला मजिस्ट्रेट (कानून-व्यवस्था) की छात्रों के साथ बैठक के बाद लिया गया.
इस बीच अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, “सरकार वार्ता से छात्रों को संतुष्ट करे और हम चाहते हैं कि एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था आए जो आने वाले समय में छात्रों को ऐसा संघर्ष ना करना पड़े. पेपर लीक, धांधली और पैरवी का सामना ना करना पड़े, ऐसी शिक्षा व्यवस्था पर सहमति बने. CBI जांच से आने वाली पीढ़ी को न्याय मिलेगा. अगर सरकार उम्मीदों पर खरी नहीं उतरेगी तो संघर्ष जारी रहेगा.”
रांची प्रोटेस्ट: देवेंद्र नाथ महतो की हालत चिंताजनक, क्या कह रहे डॉक्टर?
छात्र नेता ने सरकार पर क्या कहा?
छात्र नेता रवींद्र पासवान ने बताया, “आज हम लोग लगातार 24 दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं. अभी भी हमारे साथी ताकत के साथ धरना स्थल पर हैं और हमारे 4 साथी भूख हड़ताल पर हैं, जिसमें से दो साथी इस समय अस्पताल में भर्ती हैं. 24वां दिन हो गया लेकिन दुर्भाग्य है कि इतने दिनों तक हमें यहां रहना पड़ रहा है.”
उन्होंने कहा, “ये पढ़े-लिखे छात्र हैं जो पढ़ना चाहते हैं लेकिन राज्य सरकार अभी तक हमारी मांगों पर गंभीर नहीं दिख रही है. जरूर कल SDM और ADM के माध्यम से हमें संदेश आया कि सरकार आज हमसे 2 बजे वार्ता करेगी.”
उन्होंने आगे कहा, “मैं सरकार तक ये संदेश पहुंचाना चाहता हूं कि जरूर हम वार्ता के लिए तैयार हैं लेकिन हमारी मांग है कि वार्ता में मुख्यमंत्री भी मौजूद हों. हम अपनी मांगों को लेकर कोई समझौता नहीं करने वाले हैं.”
24वें दिन भी जारी छात्रों का प्रदर्शन
जेपीएससी भर्ती परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर जारी आंदोलन के 24वें दिन विरोध स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी है. वहीं 22वें दिन जेपी स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली गई.
हाथों में तिरंगा थामे और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ जैसे देशभक्ति के नारे लगाते हुए हजारों अभ्यर्थी व अन्य लोग इस यात्रा में शामिल हुए.झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्र महतो ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें मार्च में शामिल होने के लिए सदर अस्पताल से बाहर नहीं जाने दिया.
Ranchi Protest: सरकार ने छात्रों को बातचीत के लिए बुलाया, सोमवार को होगी बैठक
