‘बिग बॉस 13’ की कंटेस्टेंट हिमांशी खुराना ने पारस छाबड़ा से बातचीत में शो की उस घटना को याद करते हुए बताया कि एक वक्त उन्हें लगा था कि शायद वो अपने अपनों से दोबारा नहीं मिल पाएंगी. उन्होंने कहा, ‘उससे पहले मुझे चारों धाम के सारे मंदिर पूरे करने हैं, क्योंकि फिर मैं कभी नहीं मिल पाऊंगी.’ हिमांशी ने आगे कहा, ‘ऐसा लग रहा था जैसे मैं अलविदा बोल रही हूं.’ हालांकि, उन्होंने ये साफ नहीं किया कि उन्हें ऐसा क्यों महसूस हुआ था.

‘बिग बॉस 14’ की कंटेस्टेंट पवित्रा पुनिया ने भी घर के अंदर कुछ अजीब घटनाएं महसूस करने का दावा किया था. उन्होंने बताया कि एक बार उन्होंने गैस पर गरम तवा देखा, जबकि उन्हें याद था कि उन्होंने उसे खुद एक तरफ रख दिया था. जब उन्होंने घर के बाकी सदस्यों से पूछा, तो सभी ने तवा हटाने से इनकार कर दिया. इस वजह से पवित्रा को लगा कि शायद घर में कुछ अजीब हुआ था. एक और घटना को याद करते हुए उन्होंने बताया कि गार्डन एरिया में चलते समय अचानक उन्हें गर्दन पर किसी के जोर से मारने जैसा महसूस हुआ. जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो वहां कोई नहीं था. इस घटना से वह काफी डर गई थीं.

राखी सावंत ने भी ‘बिग बॉस’ के घर में कुछ डरावने और अजीब एक्सपीरियंस का जिक्र किया है. ‘बिग बॉस 15’ के दौरान उन्हें सोते वक्त कुछ अजीब व्यवहार करते हुए देखा गया था. जब उमर रियाज और रश्मि देसाई ने उन्हें उठाने की कोशिश की, तो राखी ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा था जैसे कोई उन्हें तकिए से मारकर जान से मारने की कोशिश कर रहा है.

‘बिग बॉस 15’ के कंटेस्टेंट राजीव अदातिया ने भी शो के दौरान पैरानॉर्मल एक्टिविटी से जुड़ा एक हैरान करने वाला दावा किया था. ईटाइम्स से बातचीत में उन्होंने कहा था कि उन्होंने बिग बॉस के घर में दो बार भूत देखने का दावा किया था. राजीव ने बताया, ‘मैंने बिग बॉस 15 के घर में दो बार भूत देखा है. उसे देखकर मैं बहुत डर गया था और मैंने घर के अंदर सोने से भी मना कर दिया था.’ उन्होंने एक घटना को याद करते हुए बताया कि वह उमर रियाज, प्रतीक सहजपाल और निशांत भट्ट के साथ घर में थे. राजीव ने कहा, ‘मैं और निशांत अचानक खड़े हो गए, क्योंकि हमें घर के अंदर एक छोटी बच्ची दिखाई दी. हम डर गए और सोचने लगे कि ये बच्ची यहां कहां से आ गई?’

‘बिग बॉस 14’ के दौरान अभिनव शुक्ला ने भी घर में अपने पहले दिन की एक अजीब घटना का जिक्र किया था. उन्होंने बताया कि रात में वॉशरूम जाने के लिए उठे तो उन्हें अचानक अपने पास से ठंडी हवा गुजरती हुई महसूस हुई. अभिनव ने कहा, ‘उस वक्त ठंड थी, लेकिन वो हवा कुछ अलग महसूस हुई. जैसे ही हवा मेरे पास से गुजरी, मैंने देखा कि मेरे पीछे कैमरा लटका हुआ था.’ इस घटना के बाद अभिनव भी सोच में पड़ गए कि आखिर उस वक्त उन्हें ऐसा अजीब एहसास क्यों हुआ.

‘बिग बॉस 13’ के कंटेस्टेंट विशाल आदित्य सिंह ने भी घर के अंदर कुछ अजीब और अनजाने अनुभव होने की बात कही थी. ईटाइम्स संग बातचीत में उन्होंने बताया कि एक रात अचानक उनकी नींद खुली और उन्हें महसूस हुआ कि घर के अंदर कोई मौजूद है. विशाल ने दावा किया कि उन्होंने घर में परछाइयां भी देखी थीं.

‘बिग बॉस 14’ की कंटेस्टेंट निक्की तंबोली ने भी पवित्रा पुनिया के एक्सपीरियंस से खुद को जोड़ते हुए घर के अंदर कुछ अजीब महसूस करने का दावा किया था. उन्होंने बताया कि उन्होंने भी घर में कुछ ‘काला-काला’ सा हिलता हुआ देखा था. निक्की ने ये भी कहा था कि उन्हें घर के अंदर कई बार परछाइयां नजर आती थीं. उनका कहना था कि इस प्रॉपर्टी में कुछ ऐसा था, जिसकी वजह से उन्हें वहां का माहौल थोड़ा अजीब लगता था.
Published at : 17 Aug 2026 07:31 PM (IST)
