कन्नौज में स्कॉलरशिप की रकम न मिलने से छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. तिर्वा स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं धरने पर बैठ गए. छात्रों ने नारेबाजी करते हुए साफ कहा कि जब तक स्कॉलरशिप को लेकर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
दरअसल, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के कई छात्र-छात्राओं को अभी तक स्कॉलरशिप की धनराशि नहीं मिली है. छात्रों का कहना है कि स्कॉलरशिप उनके लिए काफी जरूरी है. समय पर पैसे नहीं मिलने से पढ़ाई, फीस और दूसरे जरूरी खर्चों को लेकर उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
लखनऊ के मानस ने पत्नी और बहन को मारने के बाद सुनी हनुमान चालीसा, फिर खुद को भी मारी गोली
लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े छात्र
छात्रों का कहना है कि उन्हें सिर्फ मौखिक आश्वासन नहीं चाहिए. उनकी मांग है कि स्कॉलरशिप दिलाए जाने को लेकर लिखित में भरोसा दिया जाए. छात्रों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांग पर ठोस भरोसा नहीं मिलता, तब तक वह धरना खत्म नहीं करेंगे.
धरने पर बैठे छात्रों ने समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण और कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को मौके पर बुलाने की मांग भी की. छात्रों का कहना है कि वे अपनी समस्या सीधे अधिकारियों और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के सामने रखना चाहते हैं, ताकि स्कॉलरशिप को लेकर उन्हें स्पष्ट जवाब मिल सके.
पुलिस और प्रशासन ने छात्रों से की बातचीत
छात्रों के धरने की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कॉलेज परिसर में पहुंचे. अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की. वहीं कॉलेज प्रशासन भी छात्रों से बातचीत कर मामले को शांत कराने और समस्या का समाधान निकालने में जुटा रहा.
कई घंटे बीत जाने के बाद भी छात्र धरने से उठने को तैयार नहीं हुए. छात्रों का कहना है कि जब तक स्कॉलरशिप को लेकर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा.
आशु से लड़ते रहे इमरान, सहारनपुर सांसद के दामाद को अखिलेश ने जॉइन कराई सपा
फिलहाल कॉलेज परिसर में पुलिस, प्रशासन और कॉलेज प्रशासन छात्रों से बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहा है. अब देखना होगा कि छात्रों की मांग पर प्रशासन क्या कदम उठाता है और उन्हें स्कॉलरशिप की रकम कब तक मिल पाती है.
