Headlines

‘6 साल से मेरा पीछा कर रहा है’, मंदाना करीमी ने किया चौंकाने वाला खुलासा


एक्ट्रेस और ‘बिग बॉस 9’ फेम मंदाना करीमी ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. उनका कहना है कि करीब 6 साल से उन्हें परेशान किया जा रहा है और भारत से दुबई शिफ्ट होने के बाद भी ये सारी चीजें हो रही हैं. 

मंदाना करीमी का बड़ा खुलासा
मंदाना करीमी ने अपने इंस्टाग्राम पर कई वीडियो और स्क्रीनशॉट शेयर किए. उन्होंने आरोप लगाया कि इस सब के पीछे मौजूद शख्स लगातार उनकी पर्सनल लाइफ और करियर में दखल देने की कोशिश कर रहा है. मंदाना करीमी का कहना है कि ये सब बिजनेसमैन गौरव गुप्ता से अलग होने के बाद शुरु हुआ था और पिछले कई सालों से जारी है. उनका आरोप है कि एक शख्स उनके प्रोफेशनल सर्कल में मौजूद प्रोड्यूसर्स, को-स्टार्स और दूसरे लोगों से संपर्क कर रहा है और उन्हें मंदाना के बारे में ऐसे मैसेज भेज रहा है, जिससे उनकी इमेज खराब हो. 

6 साल से साइबर बुलिंग और स्टॉकिंग से परेशान एक्ट्रेस
एक वीडियो में मंदाना ने कहा, ‘मैं छुट्टियां मना रही हूं और फिर से ऐसा हुआ है. अलग होने के बाद से 6 साल से ज्यादा समय से मैं साइबर बुलिंग और स्टॉकिंग का सामना कर रही हूं. एक अकाउंट ने मेरे प्रोड्यूसर और को-स्टार्स को मैसेज करके मेरे बारे में गलत बातें बताने की कोशिश की और उनसे पैसे भी मांगे. ये अब भी जारी है. मुझे समझ नहीं आता कि आखिर कोई मुझसे इतनी नफरत क्यों करता है और क्यों चाहता है कि मेरे पास कोई काम, पैसा या दोस्त न रहें.’

ये भी पढ़ेंः ये रिकॉर्ड बनाने वाली पहली एक्ट्रेस बनीं ममिता बैजू, लगाई 200 करोड़ी फिल्मों की हैट्रिक

मंदाना ने बताया कि करीब चार साल पहले उन्होंने इस मामले की तह तक जाने की कोशिश की थी. उन्होंने कहा, ‘मैंने पता लगाने के लिए एक शख्स को हायर किया था कि आखिर ये इंसान कौन है. मुझे बताया गया कि किसी ने मेरी पोस्ट पर नजर रखने के लिए एक प्रोफेशनल हैकर को पैसे दिए हैं. जो भी मशहूर इंसान होता है, उसे मीनाक्षी के नाम से ईमेल भेजा जाता है.’

‘कोई मेरा नाम खराब करने की कोशिश कर रहा है’
एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैं अभी भारत छोड़ चुकी हूं, लेकिन मेरे दोस्तों को अब भी ईमेल मिलते हैं. सच कहूं तो जो लोग मुझे जानते हैं, उन्होंने मुझे ये ईमेल भेजे हैं और ये एक फर्जी अकाउंट से हैं. भारत में पुलिस भी इस मामले में कुछ नहीं कर पाई. कोई बस मेरा नाम खराब करने की कोशिश कर रहा है.’

मंदाना करीमी ने कथित तौर पर भेजे गए ईमेल के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर शेयर किए. अपने पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘अब बहुत हो गया. कई सालों से मैं एक व्यक्ति की लगातार साइबर बुलिंग, उत्पीड़न और स्टॉकिंग का सामना कर रही हूं, जो मेरी लाइफ पर नजर रखता है और जिन लोगों के साथ मैं तस्वीरें शेयर करती हूं या संपर्क में रहती हूं, उन्हें गलत इरादे वाले ईमेल भेजता है. भारत से दुबई जाने के बाद भी ये जारी है. मैंने पहले भी कई साइबर क्राइम शिकायतें दर्ज कराई हैं और अब मैं पब्लिकली इसके बारे में बात कर रही हूं और प्रुफ शेयर कर रही हूं.’

मंदाना ने ऐसे ईमेल पाने वाले लोगों से जवाब न देने और किसी भी तरह के पैसे न भेजने की अपील की. उन्होंने कहा कि ऐसे मैसेज के स्क्रीनशॉट लेकर उन्हें भेजें.

बता दें, मंदाना करीमी ने भारत में करीब 16 साल रहने के बाद मई में दुबई शिफ्ट होने का फैसला किया था.

कौन हैं मंदाना करीमी? 
मंदाना करीमी को ‘बिग बॉस 9’ से पहचान मिली, जहां सेकेंड रनर-अप रही थीं. उन्होंने फिल्म ‘रॉय’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया और इसके बाद ‘भाग जॉनी’, ‘मैं और चार्ल्स’ और ‘क्या कूल हैं हम 3’ जैसी फिल्मों में नजर आईं. मंदाना 2022 में रियलिटी शो ‘लॉक अप’ का भी हिस्सा बनी थीं. उन्हें आखिरी बार 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘थार’ में देखा गया था.

ये भी पढ़ेंः ‘मिर्जापुर द मूवी’ करेगी रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग? जानें- बॉक्स ऑफिस प्रीडिक्शन





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *