जम्मू-कश्मीर की सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस और केंद्र की बीजेपी सरकार के बीच खींचतान अब सड़कों पहुंच गई है. कश्मीर में जहां भारतीय जनता पार्टी ने उमर सरकार की नाकामियों को लेकर सचिवालय घेराव किया, तो वहीं जम्मू में नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी दफ्तर का घेराव कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
बुधवार को जम्मू-कश्मीर की राजनीति में अहम भूमिका निभा रहे दो राजनीतिक दल एक दूसरे के खिलाफ सड़कों पर थे. जहां जम्मू कश्मीर की शीतकालीन राजधानी श्रीनगर भारतीय जनता पार्टी ने उमर सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए सचिवालय घेराव किया,तो वहीं जम्मू में बीजेपी नेशनल कांफ्रेंस के निशाने पर रही.
यह भी पढ़ें: J&K में सड़क पर सियासी संग्राम! BJP-NC का एक-दूसरे के खिलाफ मार्च
जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग
केंद्र सरकार पर जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ताओं ने जम्मू में बीजेपी के मुख्यालय का घेराव करने की कोशिश की. बड़ी संख्या में नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ताओं जम्मू में बीजेपी दफ्तर का रुख किया, लेकिन वहां पहले से मौजूद पुलिस ने उन्हें भाजपा के दफ्तर की तरफ जाने से रोक दिया.
नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बीजेपी दफ्तर की तरफ जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर रखी थी, जहां पहुंचते ही नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई.
बीजेपी पर एक भी वादा न पूरा करने के आरोप
नेशनल कांफ्रेंस ने आरोप लगाया कि पिछले 12 साल से केंद्र की हुकूमत पर बीजेपी की सरकार बैठी है और हम उनसे पूछना चाहते हैं कि जो वादे उन्होंने जम्मू कश्मीर की जनता से किए हैं वह पूरे कब होंगे. खुद प्रधानमंत्री और गृहमंत्री में कई बार सार्वजनिक मंचों से जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिए जाने की बात की है, लेकिन उस पर आज तक अमल नहीं हुआ.
नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ताओं का दावा है कि जम्मू कश्मीर उमर की सरकार को बने मात्र 2 साल हुए हैं और उमर जनता से किए गए वादों का हिसाब 5 साल बाद देगी. नेशनल कांफ्रेंस ने यह भी साफ किया है कि जब तक जम्मू कश्मीर के साथ किए गए केंद्र के वादे पूरे नहीं होते तब तक वह यूं ही सड़कों पर प्रदर्शन करते रहेंगे.
इस दौरान पुलिस ने दर्जनों नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया.
यह भी पढ़ें: कश्मीर: पहलगाम में तेज बारिश का कहर, मुख्य बाजार में घुसा पानी
