कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बारिश के बाद अंडरपास की रिटेनिंग वॉल का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. मामला उन्नाव के पड़ी गांव के पास का है, जहां किलोमीटर संख्या 55.3 पर कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन में अंडरपास की दीवार टूट गई. बुधवार शाम को दीवार के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई, जबकि इसका वीडियो गुरुवार दोपहर सोशल मीडिया पर सामने आया.
ख़बर के मुताबिक लगातार बारिश के बाद रिटेनिंग वॉल के आसपास की मिट्टी में पानी भर गया. पानी के दबाव से दीवार के नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई और मिट्टी के साथ दीवार का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया. इसके बाद आसपास की मिट्टी भी लगातार बहती रही.
तिरपाल से ढका गया क्षतिग्रस्त हिस्सा
दीवार टूटने की ख़बर मिलते ही प्रशासनिक टीम एक्टिव हो गई और दीवार को ज्यादा नुकसान से बचाने के लिए क्षतिग्रस्त हिस्से को तिरपाल से ढक दिया गया. ताकि बारिश के पानी और मिट्टी के बहाव को रोका जा सके. वहीं, बुधवार से ही मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया था. गुरुवार को भी कर्मचारी मौके पर रिटेनिंग वॉल को दुरुस्त करने में जुटे रहे.
LDA ने लॉन्च किया फेस्टिव ऑफर, फ्लैट खरीदी पर मिलेगी 2 लाख तक की छूट
ड्रेनेज सिस्टम पर उठे सवाल
रिटेनिंग वॉल के क्षतिग्रस्त होने के बाद एक्सप्रेसवे की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश का पानी सही तरीके से बाहर नहीं निकल पा रहा है. पानी के रिसाव और दबाव के कारण दीवार के आसपास की मिट्टी कमजोर हुई, जिसके बाद यह हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर केवल दीवार की मरम्मत कर दी गई और पानी की निकासी की समस्या दूर नहीं हुई तो आने वाले दिनों में दोबारा ऐसी स्थिति बन सकती है. इससे एक्सप्रेसवे की संरचना को भी नुकसान पहुंचने का खतरा है.
एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर भी सवाल
करोड़ों रुपये की लागत से बने हाईटेक कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रिटेनिंग वॉल के क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण गुणवत्ता और ड्रेनेज सिस्टम को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त और प्रभावी व्यवस्था जरूरी है. फिलहाल संबंधित टीम रिटेनिंग वॉल की मरम्मत में जुटी है. अब सवाल यह है कि क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत के साथ-साथ जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाता है या नहीं.
‘मेरी बेटी घर पर बैठी है मैं…’, दामाद शायान मसूद पर भड़के ससुर इमरान मसूद
