लगता है पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के शब्दकोश में सिर्फ ‘बदलाव’ ही एकमात्र शब्द बचा है. इंग्लैंड टूर पर क्रिकेट टीम बदल चुकी है, सेलेक्टर्स इस्तीफा दे रहे हैं, वहीं अब पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के आयोजन को लेकर बोर्ड बहुत बड़ा फैसला ले सकता है. पिछले 2 साल से PSL और इंडियन प्रीमियर लीग के शेड्यूल में टकराव देखा गया है. मगर अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पीएसएल का आयोजन जनवरी महीने में करवा सकता है.
पिछले 2 सीजन में PSL का आयोजन अप्रैल-मई में करवाया गया है. ईएसपीएन क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी और सभी 8 फ्रेंचाइजी के मालिकों की बैठक हुई, जिसमें लीग को जनवरी महीने में शिफ्ट करने पर चर्चा हुई. बताया जा रहा है कि टूर्नामेंट के आयोजन का समय बदलने का मुख्य कारण IPL से टकराव नहीं है.
पाकिस्तान सुपर लीग के मीडिया राइट्स ‘वाली टेक्नोलॉजी’ कंपनी के पास हैं. इसी कंपनी ने टूर्नामेंट का आयोजन जनवरी में करवाने का आइडिया दिया था. बताया गया कि अप्रैल-मई का विंडो रमजान के महीने के बाद आता है, इस समय तक कंपनियां अपना टीवी और एडवरटाइजिंग बजट खर्च कर चुकी होती हैं. बता दें कि 2029 तक पाकिस्तान सुपर लीग के मीडिया राइट्स ‘Walee Technologies’ के पास हैं.
यह भी पढ़ें: मोहसिन नकवी का ड्रामा पार्ट-2, महिला एशिया कप फाइनल में बवाल तय!
जनवरी महीने में पाकिस्तान सुपर लीग का आयोजन करवाने में कुछ समस्याएं भी आ सकती हैं. पहली दिक्कत विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता होगी. ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग और दक्षिण अफ्रीका की SA20 भी लगभग इसी समय पर खेली जाती है. ऐसे में विदेशी खिलाड़ी पीएसएल में रोमांच नहीं भर पाएंगे. दूसरी समस्या यह होगी कि जनवरी के समय पाकिस्तान में पंजाब समेत की इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ती है.
पाकिस्तान सुपर लीग के पहले 9 सीजन फरवरी-मार्च के समय खेले जाते रहे. मगर 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 में टी20 वर्ल्ड कप के आयोजन के चलते PSL को अप्रैल-मई के समय आयोजित करवाया गया, जिसकी वजह से उसका टकराव IPL के साथ हुआ. इस टकराव के चलते कुछ खिलाड़ी पीएसएल का साथ छोड़कर IPL खेलने भारत चले गए थे.
यह भी पढ़ें:
PCB छोड़ते ही पाकिस्तान क्रिकेट का कच्चा-चिट्ठा खोल दिया, मिसबाह ने खोला मुंह
