नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है. इस फिल्म की अपार सफलता के साथ ही एक नाम देशभर में गूंज रहा है, वह है- सुनील लोधी. मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड से आने वाले नेत्रहीन गायक सुनील लोधी ने इस फिल्म में ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ भजन को अपनी जादुई आवाज दी है. फिल्म के हिट होने के बाद लोग यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि आखिर एक भजन गाकर सुनील लोधी कितना कमा लेते हैं और फिल्म के मेकर्स ने उन्हें कितनी फीस दी है?
कौन हैं सुनील लोधी?
सुनील लोधी मध्य प्रदेश के सागर जिले के अगरा गांव के रहने वाले हैं. उनकी उम्र करीब 25 साल है. जन्म से ही उनकी आंखों की रोशनी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी. सुनील ने संगीत का कोई प्रशिक्षण नहीं लिया है. उन्होंने बताया कि वो सिर्फ लता मंगेशकर के गाने सुन-सुनकर गाना सीखते रहे. पहले वो गांव-देहात में हाथ में तंबूरा लेकर भजन गाया करते थे, कभी-कभी ट्रेन में भी गाते हुए देखे जाते थे. उनका गाया भजन “मोरे संकट के कटैया” जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तभी से लोगों ने उनकी आवाज को पहचानना शुरू किया.
फिल्म में मिला बड़ा मौका
सुनील की आवाज म्यूजिक प्रोड्यूसर पंकज वीआरके तक पहुंची. उनकी भक्तिभाव से भरी आवाज सुनकर पंकज इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने सुनील को मुंबई बुला लिया. वहां उनसे कुल 8 गाने रिकॉर्ड कराए गए, जिनमें से एक भजन मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान फिल्म हनुमान अंश में इस्तेमाल हुआ. यह फिल्म नाम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है और बिना किसी बड़े प्रचार के रिलीज हुई थी.
यह भी पढ़ें: पुतिन या शी जिनपिंग… किसकी सिक्योरिटी ज्यादा मजबूत, कौन से गार्ड करते हैं सुरक्षा?
कितनी है सुनील लोधी की कमाई?
सुनील लोधी की सटीक फीस या कमाई आधिकारिक आंकड़ा अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है. हालांकि उन्हें मिल रहे सम्मान और मौकों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनकी किस्मत बदल रही है. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद सुनील लोधी से मुलाकात की और उन्हें 1 लाख रुपये की सम्मान राशि भेंट की. इसके अलावा सागर के पूर्व विधायक पारुल साहू ने भी उनका सार्वजनिक सम्मान किया.
आमतौर पर बॉलीवुड इंडस्ट्री में नए और उभरते सिंगर्स को एक गाने के लिए 50 हजार से लेकर कुछ लाख रुपये तक की फीस मिलती है, जो उनकी लोकप्रियता और डिमांड पर निर्भर करती है. सुनील लोधी के मामले में भी अब बड़े प्रोड्यूसर्स और सिंगर्स की टीम से बातचीत शुरू हो चुकी है. खुद सुनील ने बताया कि मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल की टीम से भी उनकी बात होने लगी है और जल्द उनके साथ गाना गाने का सपना पूरा हो सकता है. इसके अलावा अच्छी खबर यह भी है कि मध्य प्रदेश सरकार ने सुनील की आंखों का इलाज कराने का भी ऐलान किया है.
यह भी पढ़ें: BRICS में सबसे ताकतवर देश कौन, किस नंबर पर आता है भारत?
