Headlines

टीम इंडिया को कब मिलेगा नया चीफ सेलेक्टर? BCCI ने दिया जवाब


भारतीय क्रिकेट में फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगला चीफ सेलेक्टर कौन होगा? अजीत अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है और वह पहले ही BCCI से कह चुके हैं कि वो बतौर चीफ सेलेक्टर नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं चाहते हैं. अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया है कि 4 अक्टूबर को अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ही नए चीफ सेलेक्टर पर फैसला लिया जाएगा.

न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में देवजीत सैकिया ने कहा कि अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट 4 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है और 4 तारीख तक उनके पास फैसला लेने के लिए पर्याप्त समय बचा है.

4 अक्टूबर के बाद होगा फैसला

देवजीत सैकिया ने कहा, “हम चीफ सेलेक्टर की वैकेंट पोजीशन पर 4 अक्टूबर के बाद फैसला लेंगे, क्योंकि यह पद 4 तारीख के बाद ही खाली होगा. जब BCCI किसी निर्णय पर पहुंच जाएगा, तब लोगों के साथ भी यह जानकारी साझा कर दी जाएगी.”

अजीत अगरकर ने जुलाई 2023 में चेतन शर्मा की जगह लेकर बतौर चीफ सेलेक्टर कार्यभार संभाला था. उनके चीफ सेलेक्टर रहते भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी, 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है. उन्हीं के कार्यकाल के दौरान भारत ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला था.

2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों पर नजर

2027 वनडे वर्ल्ड कप लगभग एक साल दूर रह गया है. ऐसे में नया चीफ सेलेक्टर मतलब नई रणनीति और टीम के भीतर संभव ही नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं. जो भी नया चीफ सेलेक्टर बनेगा, उसपर 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी दुरुस्त करने का भार होगा. उसके एक साल बाद ही 2028 टी20 वर्ल्ड कप और फिर लॉस एंजेलिस ओलंपिक्स भी खेले जाएंगे.

भारत की पुरुष टीम अभी जापान में है, जहां उसे 28 सितंबर को एशियन गेम्स में क्वार्टरफाइनल खेलना है. भारत की महिला टीम गोल्ड मेडल जीत चुकी है. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इसपर खुशी व्यक्त की और उम्मीद जताई कि मेंस टीम भी महिलाओं की तरह गोल्ड पर निशाना साध पाएगी.

भारत की महिला टीम ने गोल्ड मेडल मैच में श्रीलंका को 147 रनों के विशाल अंतर से हराया था. वहीं मेंस टीम 28 सितंबर को क्वार्टरफाइनल खेलेगी, लेकिन उसके प्रतिद्वंदी का नाम अभी तक सामने नहीं आया है.

यह भी पढ़ें:

पिता का निधन, सलमान खान चलाने लगे उबर टैक्सी, अब एशियन गेम्स में जीता पदक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *