अर्चना पूरन सिंह को अधिकतर फैंस मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो के लिए जानते हैं. हालांकि उनकी पहचान यहीं तक सीमित नहीं है. बल्कि उनकी पहचान कपिल के शो से भी सालों पहले से है. एक्ट्रेस ने 80 और 90 के दशक में कई फिल्मों में काम किया था. कुछ एक फिल्मों में वो बतौर लीड एक्ट्रेस भी नजर आई हैं. उन्होंने बॉलीवुड से लेकर टीवी की दुनिया तक पर अपने काम से छाप छोड़ी है.
अर्चना पूरन सिंह न सिर्फ अपनी प्रोफेशनल लाइफ को लेकर ही नहीं, बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी सुर्खियां बटोर चुकी हैं. बता दें कि एक्ट्रेस ने एक नहीं, बल्कि दो-दो शादी की है. उन्होंने अपनी दूसरी शादी की बात चार साल तक छिपाकर रखी थी. आइए आज एक्ट्रेस के बर्थडे के मौके पर उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प और खास बातों के बारे में जानते हैं.
64 साल की हुईं अर्चना पूरन सिंह
अर्चना पूरन सिंह आज 64 साल की हो चुकी हैं. इस जानी-मानी हस्ती का जन्म उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 सितंबर 1962 को हुआ था.
1982 में किया था बॉलीवुड डेब्यू
देहरादून से अर्चना मुंबई में अपना करियर बनाने के लिए आई थीं. पहले उन्होंने मॉडलिंग की थी और वो विज्ञापनों का हिस्सा रहीं. उन्हें ‘बैंड ऐड’ के विज्ञापन से पहचान मिली थी. इसके बाद एक्ट्रेस ने साल 1982 में आई फिल्म ‘निकाह’ से अपने बॉलीवुड और एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. इसमें उन्होंने छोटा सा रोल निभाया था.
ये भी पढ़ें: धर्मेंद्र के गांव से है नाता, अमिताभ बच्चन के कारण फिल्मों में आईं, कहानी दिव्या दत्ता की
इन फिल्मों का भी रहीं हिस्सा
अर्चना ने साल 1987 में अभिनेता नसरुद्दीन शाह के साथ फिल्म ‘जलवा’ में मुख्य भूमिका निभाई थी. जबकि साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘आग का गोला’ में सनी देओल के साथ किसिंग सीन से भी वो सुर्खियों में रही थीं. इसके बाद एक्ट्रेस को ‘सौदागर’, ‘राजा हिंदुस्तानी’, ‘जज मुजरिम’, ‘बाज’, ‘कृष’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘डॉली की डोली’, ‘दे दना दन’ और ‘बोल बच्चन’ सहित कई फिल्मों में देखा गया.
सी-ग्रेड फिल्मों में भी किया काम
ये बात बेहद कम लोग जानते हैं कि अर्चना पूरन सिंह को कभी सी-ग्रेड फिल्मों में भी काम करने के लिए मजबूर होना पड़ा था. अभिनेत्री ने अपने यूट्यूब व्लॉग में बताया था कि मुंबई में अपने शुरुआती सालों के दौरान अपने गुजारे और घर खर्च के लिए उन्हें सी-ग्रेड फिल्मों की ओर जाना पड़ा था.

इन शोज में भी नजर आईं अर्चना
अर्चना ने टीवी पर अपने करियर की शुरुआत साल 1985 में की थी. सबसे पहले वो छोटे पर्दे पर चर्चित शो ‘करमचंद’ में नजर आई थीं. हालांकि टीवी पर एक्ट्रेस को पहचान साल 1987 में आए शो ‘मिस्टर या मिसेज’ से मिली थी. इसके बाद अर्चना ने ‘वाह क्या सीन है’ और ‘श्रीमान श्रीमती’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में भी काम किया था.

अर्चना का टीवी करियर सफल और लंबा रहा. एक्ट्रेस को ‘अर्चना टॉकीज’, ‘जाने भी दो पारो’ जैसे शोज में भी देखा गया. 2000 के दशक में उन्होंने डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए’ (2005) में बतौर कंटेस्टेंट अपने पति और अभिनेता परमीत सेठी के साथ हिस्सा लिया था. हालांकि छठे एपिसोड में अर्चना और परमीत की जोड़ी बाहर हो गई थी. इसके बाद उन्होंने ‘कॉमेडी सर्कस’ नाम के कॉमेडी शो में जज की कुर्सी संभाली और अपनी जोरदार हंसी एवं ठहाकों से हर किसी को अपना दीवाना बना लिया. अर्चना को कपिल शर्मा के कॉमेडी शोज से भी घर-घर में लोकप्रियता हासिल हुई थी.
जल्द टूट गई थी अर्चना की पहली शादी
अर्चना पूरन सिंह ने दो शादी की है. हालांकि उनकी पहली शादी को लेकर ये जानकारी नहीं है कि उनकी पहली शादी कब और किससे हुई थी. लेकिन, एक्ट्रेस का जल्द ही तलाक हो गया था. इसके बाद वो दूसरी शादी नहीं करना चाहती थीं.

5 साल छोटे परमीत सेठी से की दूसरी शादी
अर्चना दूसरी बार घर नहीं बसाना चाहती थीं, लेकिन उनकी लाइफ में अभिनेता परमीत सेठी की एंट्री हुई तो उनका खयाल बदल गया. इंडस्ट्री में काम करते वक्त दोनों की मुलाकात हुई थी और फिर दोनों ने साल 1992 में घर बसा लिया था.
कपिल शर्मा के शो में परमीत ने अपनी शादी को लेकर बात करते हुए खुलासा किया था कि हमने रात को 11 बजे शादी करने का फैसला लिया था. फिर हम पंडित जी की तलाश में निकले और रात के 12 बजे पंडित जी की तलाश खत्म हुई. परमीत ने आगे कहा था कि हमने रात में ही पंडित जी को पैसे दे दिए थे और सुबह हमारी शादी हो गई थी. अब दोनों के दो बेटे आर्यमन सेठी और आयुष्मान सेठी हैं.

4 साल तक छिपाकर रखी थी शादी की बात
अर्चना और परमीत ने गुपचुप तरीके से शादी की थी. क्योंकि एक्ट्रेस को लगता था कि शादी की बात सामने आने से उनके करियर पर बुरा असर पड़ सकता है. चार साल तक दोनों ने ये सीक्रेट उजागर नहीं होने दिया.
ये भी पढ़ें: शादी के बाद एयर होस्टेस के प्यार में पागल थे फिरोज खान! बीवी-बच्चों से हो गए थे अलग
