Headlines

बारिश से बेहाल रवि किशन का ‘स्पेन’, सांसद का घर भी डूबा, फूटा लोगों का गुस्सा


उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की वजह से सांसद रवि किशन का ‘स्पेन’ यानी गोरखपुर भी डूब गया है. लोगों के घरों-दुकान, गली-मोहल्ले, हर जगह पानी भर गया है. मकानों के अंदर तक पानी घुस गया है और सारा सामान तैर रहा है. बर्तन-कुर्सियां, फ्रिज सहित अन्य सामान भी कमरे के अंदर तैरते हुए दिखाई दे रहे हैं. 

गोरखपुर जिला प्रशासन और नगर निगम के दावे फेल होने की वजह से दूसरे दिन भी लोगों के गली-मोहल्ले और घरों से पानी नहीं निकल पाया है. कई मोहल्लों में 15 से 20 घंटे से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी बिजली नहीं आ पाई है. भारी बारिश के दूसरे दिन गोरखपुर के सांसद रवि किशन का घर भी अछूता नहीं है. उनका घर भी चारों तरफ से पानी से घिर गया है. यहां भी जिला प्रशासन और नगर निगम के दावे पूरी तरह से फेल नजर आ रहे हैं.

यह भी पढ़ें: लखनऊ-गोरखपुर जलभराव पर अखिलेश ने BJP को घेरा, बोले- ‘भाजपाई भ्रष्टाचार…’

पार्षद और सांसद रवि किशन के बीच बहस

दरअसल, गोरखपुर में बीती शाम (शनिवार, 26 सितंबर) को हुई मूसलाधार बारिश और चक्रवात का असर दूसरे दिन भी दिखाई दे रहा है. एबीपी न्यूज गोरखपुर के बेतियाहाता मोहल्ले में पहुंचा जहां महिला संध्या यादव का घर पानी में पूरी तरह से डूब गया है. उनके किचन में फ्रिज से लेकर कमरों में समान तक डूबा हुआ है. बहुत सी चीजें पानी में तैर रही हैं.

गोरखपुर के बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी भी खुद पंपिंग सेट के साथ पहुंची नगर निगम की टीम को दिशा निर्देश दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि कल शाम हुई भारी बारिश की वजह से संध्या यादव के मकान में पानी घुस गया है. संध्या यादव ने बताया कि उनका पूरा कमरा पानी में डूबा हुआ है. उन्होंने बताया कि वह घर में पार्लर चलाती हैं और उनका काफी नुकसान भी हुआ है. उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि इसकी भरपाई कैसे हो पाएगी. उन्होंने बताया कि उनका सारा सामान डूब गया है और घर में लाइट भी नहीं आ रही है.

‘सांसद के स्पेन की हकीकत सामने आ गई’- पार्षद

गोरखपुर के बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने बताया की उन्होंने गोरखपुर के सांसद रवि किशन को कॉल करके रेग्युलेटर खुलवाने के लिए कहा था, लेकिन वो कहने लगे कि सपा में चले गए हैं क्या? उनको उन्हीं की तरह जवाब देकर पूछा कि आप बसपा में चले गए हैं क्या? आज उनके स्पेन की हकीकत सामने आ गई है. उनके कॉल करने के बाद वो लोगों की समस्याएं जानने के लिए शहर के भ्रमण पर निकले और लोगों का हाल जाना. वहीं आम लोगों का कहना है कि भारी बारिश के बीच घरों, मोहल्लों, दुकान सभी जगह पानी घुस गया है. उनके घरों में लाइट नहीं आ रही है.

रवि किशन का घर भी डूबा

गोरखपुर के सांसद रवि किशन का घर भी दूसरे दिन वॉटर लॉगिंग की वजह से डूबा रहा. पार्षदों की मोबाइल पर बातचीत का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. यह तस्वीर गोरखपुर के सांसद रवि किशन के रामगढ़ताल लेक व्यू लेन की है. जहां पर दूसरे दिन सुबह भी घर के बाहर पानी लगा हुआ दिखाई दे रहा है. ऐसे में वहां से गुजरने वाले लोग भी पानी में डूबा हुआ उनका घर देखकर हैरान हैं. नगर निगम और जिला प्रशासन भी दूसरे दिन भी जल निकासी की व्यवस्था करने में पूरी तरह फेल नजर आ रहा है.

साढे़ तक घंटे तक लगातार हुई मूसलाधार बारिश

गोरखपुर में 26 सितंबर (शनिवार) शाम 4.30 बजे से पौने 7 बजे तक रिकार्ड 164 एमएम बारिश हुई है. एक घंटे में 4.30 बजे से 5.30 बजे तक 115 एमएम बारिश हुई है, जो क्‍लाउड बस्‍ट (बादल फटना) से भी अधिक है. इस दौरान दो अलग-अलग हादसों में एक महिला और किशोर समेत चार लोगों की मौत हो गई. गोरखपुर में शनिवार को दोपहर बाद हुई भारी बारिश से कहीं पेड़ उखड़ गए, तो कहीं पोल गिर गए. सड़कें तालाब में तब्‍दील हो गई.

यह भी पढ़ें: महोबा: 38 घंटे की बारिश से बीजा नगर का संपर्क टूटा, सड़कों पर नाव चलाने को मजबूर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *