प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ का बुधवार को वडनगर में गौरवपूर्ण समापन समारोह आयोजित हुआ. इस समापन समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी शामिल हुए. इस मौके पर महानुभावों ने अलग-अलग राज्यों से आए बाइकर्स और सेवा यात्रियों का स्वागत-सम्मान किया.
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ के समापन अवसर पर कहा कि 7 अक्टूबर, 2001 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर सेवा दायित्व संभाला था. आज प्रधानमंत्री ने लगातार 25 वर्षों तक जनसेवा और सुशासन का दायित्व निभाकर देश में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले जननायक बनने का गौरव हासिल किया है. उन्होंने सत्ता को पद नहीं, बल्कि सेवा का साधन माना है.
गुजरात: शुद्धिकरण और अनुष्ठान के नाम पर महिला से गैंगरेप, पति समेत 9 गिरफ्तार
पीएम मोदी ने गुजरात को ग्लोबल टू फ्यूचर बनाया- भूपेंद्र पटेल
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों, नारी शक्ति और युवाओं के कल्याण के साथ ही प्रत्येक नागरिक में देश के विकास में भागीदार बनने का विश्वास जगाया है. उन्होंने आगे कहा कि भूकंप एवं अन्य चुनौतियों को अवसर में बदलकर प्रधानमंत्री ने वाइब्रेंट गुजरात समिट के जरिए राज्य को ‘ग्लोबल गेटवे टू द फ्यूचर’ बनाया है. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, बुलेट ट्रेन, गिफ्ट सिटी और सेमीकंडक्टर हब जैसे प्रोजेक्ट उनके दूरदर्शी विजन का ही परिणाम हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नागरिक-केंद्रित शासन के दृष्टिकोण से देश में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं. इतना ही नहीं, भारत विश्व की टॉप-5 अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बना चुका है. उनके नेतृत्व में कोरोना काल में वैक्सीन सहायता, कॉप-21 ग्रीन एनर्जी लक्ष्यों को पूरा करना, अनुच्छेद 370 को निरस्त करना, आतंकवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति तथा अंतरिक्ष एवं रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के माध्यम से भारत ने अपनी वैश्विक क्षमता सिद्ध की है.
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री को 25 वर्षों के सफल सेवा दायित्व के लिए बधाई दी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत-2047 के प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संकल्प को साकार करने के लिए उन्होंने ‘वी विल डू इट’ का जो आह्वान किया है, उसे स्वीकार करते हुए गुजरात की युवा शक्ति ‘विकसित गुजरात से विकसित भारत’ के निर्माण के लिए सबसे आगे रहेगी.
वडनगर की पवित्र भूमि ने देश को दिया विरल सपूत- शिवराज सिंह चौहान
इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 7 अक्टूबर का यह दिन ऐतिहासिक है. वडनगर की इस पवित्र भूमि ने देश को एक ऐसा विरल सपूत दिया है, जिन्होंने पूरी दुनिया में भारत की विजय पताका लहराई है. 7 अक्टूबर, 2001 को मुख्यमंत्री के रूप में सेवा कार्यों की जो यात्रा शुरू हुई थी, वह केवल शासन नहीं, बल्कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण का महायज्ञ था.
चौहान ने प्रधानमंत्री के सेवा दायित्व की सराहना करते हुए कहा कि लगातार 25 वर्षों तक बिना एक भी दिन आराम किए, बिना रुके और बिना झुके देश के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए कार्य करना एक अभूतपूर्व उपलब्धि है.
मद् भगवद् गीता के श्लोकों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि गीता में बताए गए ‘सात्विक कर्ता’ के सभी गुण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में दिखाई देते हैं. वे राग-द्वेष और अहंकार से परे रहकर धैर्य के प्रतीक बन गए हैं. कोरोना महामारी का गंभीर संकट हो या आतंकवाद के विरुद्ध कड़ा प्रहार, उन्होंने हमेशा देश को मजबूत नेतृत्व दिया है. ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों के जरिए आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर सबक सिखाया है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 100 वर्ष पूर्व एक नरेन्द्र, स्वामी विवेकानंद ने भविष्यवाणी की थी कि भारतमाता एक बार फिर जागृत होकर विश्वगुरु के पद पर विराजमान होगी. आज दूसरे नरेन्द्र, नरेन्द्र मोदी के मजबूत और संकल्पबद्ध नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
बाइक रैली के जरिए वाराणसी से वडनगर तक स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्य करते हुए पहुंचे युवाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश का सच्चा युवा वह है, जिसके हृदय में देशभक्ति हो और जिसके पैरों में गति हो. राजनीतिक अराजकता फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध देश का युवा वर्ग विकास और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर अग्रसर है.
पश्चिम बंगाल के सीएम ने जनता का किया वंदन
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने उपस्थित सभी नागरिकों को पश्चिम बंगाल की जनता की ओर से कोटि-कोटि वंदन करते हुए वडनगर की पावन और ऐतिहासिक भूमि पर पहुंचकर गौरव की अनंत अनुभूति व्यक्त की.
उन्होंने कहा कि यह वही पवित्र मिट्टी है, जिसने देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे दूरदर्शी जननायक दिए हैं. प्रधानमंत्री के दूरदर्शी और सशक्त नेतृत्व में पूरे देश में ‘राष्ट्र प्रथम’ और गरीब कल्याण के मंत्र के साथ विकास एवं सुशासन के एक नए युग का मंगल प्रारंभ हुआ है.
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में देश के कोने-कोने में किसानों का कल्याण, ग्रामीण विकास, रोड और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण, पीएम आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि तथा उड्डयन क्षेत्र में उड़ान योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं के जरिए पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं के लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंच रहे हैं.
आजादी के अमृत काल में, वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए आज देशभर के नागरिक एकजुट होकर ‘वी विल डू इट’ के बुलंद नारे के साथ एकता और उत्साह के साथ जुड़ गए हैं. अधिकारी ने जोर देकर कहा कि पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण को जोड़ने वाली इस वाराणसी से वडनगर ‘सेवा यात्रा’ ने देश की अखंडता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को एक नई ऊर्जा दी है.
विधायक जगदीश विश्वकर्मा ने बाइकर्स का किया स्वागत
सेवा यात्रा के समापन समारोह में निकोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने स्वागत भाषण में काशी की पवित्र धरा और देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बाइकर्स और युवाओं का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत ऐतिहासिक और सुनहरे अवसर के समान है. 7 अक्टूबर, 2001 को नरेन्द्र मोदी ने शासन की कमान संभाली थी और आज उनके जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस अभियान के अंतर्गत युवाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सीधे संवाद करने का प्रेरक अवसर प्राप्त हुआ है.
जगदीश विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की यह यात्रा ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ और ‘संकल्प से सिद्धि’ तक की एक समर्पित यात्रा है. 2001 में राज्य के मुख्यमंत्री पद से लेकर देश के प्रधान सेवक के रूप में, उन्होंने प्रत्येक क्षण देशवासियों की सेवा में समर्पित किया है. देश के आर्थिक ढांचे को सुदृढ़ करने से लेकर सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के मंत्र के साथ, उन्होंने भारत को विश्व-पटल पर गौरव दिलाया है.
बाइकर्स ने 10 राज्यों में किया भ्रमण
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा के संकल्प और प्रेरणा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ निकाली गई. इस यात्रा के दौरान अनेक युवा सेवा यात्रियों सहित 500 बाइकर्स ने 10 राज्यों के सैकड़ों गांवों एवं शहरों में भ्रमण कर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशामुक्ति और जनसंवाद जैसे अनेक सामाजिक कार्य किए.
इस अभियान में लाखों नागरिकों ने हिस्सा लिया और स्वयं प्रधानमंत्री ने ऑनलाइन जुड़कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया. इस यात्रा में वडनगर के शर्मिष्ठा तालाब का पवित्र जल काशी विश्वनाथ पहुंचाया गया और वाराणसी से लाए गए पवित्र जल से वडनगर के ऐतिहासिक हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक कर दो आध्यात्मिक नगरियों के अटूट संबंध को चरितार्थ किया गया.
सेवा यात्रा के समापन समारोह में राज्य सरकार के मंत्री सर्व ऋषिकेशभाई पटेल, कौशिकभाई वेकरिया, प्रवीणभाई माली, कमलेशभाई पटेल, गुजरात प्रदेश प्रभारी तरुण चुग, सांसद सर्व हरिभाई पटेल, मयंक नायक, राजेंद्रभाई शुक्ल, मध्य प्रदेश के सांसद वी.डी. शर्मा, मेहसाणा जिला पंचायत अध्यक्ष नितिनभाई पटेल, विधायक सर्व किरीटभाई पटेल, मुकेशभाई पटेल, सरदारभाई चौधरी, सुखाजी ठाकोर, राजेश चावड़ा, पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिनभाई पटेल, मेहसाणा दूध सागर डेयरी के चेयरमैन अशोकभाई चौधरी मौजूद रहे.
इनके अलावा मेहसाणा डिस्ट्रिक्ट बैंक के चेयरमैन विनोदभाई पटेल, वडनगर नगर पालिका अध्यक्ष, सेवा संकल्प अभियान गुजरात प्रदेश प्रभारी और पूर्व मंत्री ब्रिजेश मेरजा, भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रशांतभाई कोराट, उपाध्यक्ष नटुजी ठाकोर, अग्रणी भरतभाई पंड्या, सीताबेन पटेल, गिरीशभाई राजगोर, मेहसाणा जिला प्रभारी भरतभाई डांगर सहित बाइकर्स, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
‘ब्राह्मण, बनिया, पटेल गंदगी उठाएं तो 50 हजार दूंगा’, शंकरसिंह वाघेला का बयान पर माफी से इनकार
