Headlines

WTC Points Table: ऑस्ट्रेलिया टॉप पर, दक्षिण अफ्रीका को भारी नुकसान; जानें भारत का हाल


ऑस्ट्रेलिया ने डरबन में कमाल कर दिया. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट को कंगारू टीम ने 214 रनों के विशाल अंतर से जीता. दक्षिण अफ्रीका को इस हार से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की प्वाइंट्स टेबल में भारी नुकसान हुआ है. वहीं ऑस्ट्रेलिया ने इस दमदार जीत से पहले नंबर की अपनी पोजीशन को और ज्यादा मजबूत कर लिया है. जानें ताजा अपडेट से भारत का क्या हाल रहा. 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 214 रनों की हार के कारण दक्षिण अफ्रीका की टीम ताजा प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर की अपनी पोजीशन गंवा बैठी है. जोश हेजलवुड ने करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरी पारी में 49 रन देकर 6 विकेट लिए, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट के पांचवें दिन दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम को 206 रनों पर समेटा. ऑस्ट्रेलिया के लिए बल्लेबाजी में मैट रेनशॉ ने पहली पारी में 190 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में भी 82 रनों का योगदान दिया. इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में 2 विकेट भी चटकाए. 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस हार से दक्षिण अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा का एक शानदार रिकॉर्ड भी टूट गया. यह बावुमा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका की पहली हार है. इस मैच के नतीजे से डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में भी बड़ा फेरबदल हुआ है. जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने नंबर एक की पोजीशन पर अपनी पकड़ को और भी मजबूत कर लिया है. वहीं, मौजूदा चैंपियन हार के साथ अब तीसरे पायदान पर खिसक गई है. न्यूजीलैंड डब्ल्यूटीसी टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है.

पहले टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया का 10 मैचों में जीत प्रतिशत 80 था, जबकि दक्षिण अफ्रीका का चार मैचों में जीत प्रतिशत 75 था. अब ऑस्ट्रेलिया का 11 मैचों में जीत प्रतिशत 81.82 हो गया है, जिसमें 9 जीत और दो हार शामिल हैं. दक्षिण अफ्रीका का पांच मैचों में जीत प्रतिशत अब 60 रह गया है, जिसमें तीन जीत और दो हार शामिल हैं. 

न्यूजीलैंड की टीम छह मैचों में 72.22 के जीत प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. टीम ने इन छह में से 4 मैच जीते हैं, एक में हार का सामना किया है और एक मैच ड्रॉ रहा है. बांग्लादेश छह मैचों में 55.56 के जीत प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है, जिसमें तीन जीत, दो हार और एक ड्रॉ मैच शामिल है. 

भारत अभी पांचवें स्थान पर है. टीम इंडिया ने 11 मैचों में से पांच जीते हैं, चार हारे हैं और दो मैच ड्रॉ रहे हैं, जिससे उनका जीत प्रतिशत 51.52 है. इंग्लैंड छठे स्थान पर है. उन्होंने 16 मैचों में से सात जीते हैं, आठ हारे हैं और एक मैच ड्रॉ रहा है, और उनका जीत प्रतिशत 38.54 है. इंग्लैंड टीम के स्लो-ओवर रेट से जुड़ी अलग-अलग गलतियों के कारण 14 प्वाइंट भी काटे गए हैं.

श्रीलंका सातवें नंबर पर है, जबकि वेस्टइंडीज आठवें स्थान पर काबिज है. स्लो-ओवर रेट के कारण उनके दो प्वाइंट काटे गए थे. पाकिस्तान सबसे निचले स्थान पर है. पाक टीम ने 9 मैचों में दो जीत और सात हार का सामना किया है. पाकिस्तान का जीत प्रतिशत सिर्फ 4.63 है. स्लो ओवर रेट के चलते उनके 19 प्वाइंट काटे गए हैं.

यह भी पढ़ें- 

अफगानिस्तान का ऐतिहासिक ड्रॉ, बांग्लादेश के खिलाफ दूसरी पारी में खेले 142 ओवर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *