Headlines

अमेरिका के स्कूल में गोलीबारी, 3 बच्चों समेत 5 की मौत, मच गया हड़कंप


अमेरिका के ओरेगॉन स्टेट के बेंड शहर में मौजूद एक स्कूल में गोलाबारी की गई. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक घटना में 3 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई. हालांकि, इस दौरान हमलावर भी मारा गया. यह घटना सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल में हुई, जहां किंडरगार्टन से 5 वीं कक्षा तक के बच्चे पढ़ते हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे. स्कूल को बंद कर दिया गया.

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्ध हमलावर 16 साल का लड़का था. पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसे गोली लग चुकी थी और उसकी मौत हो गई थी. पुलिस ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि संदिग्ध को किसने गोली मारी. अधिकारियों के मुताबिक, संभव है कि वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उसे रोका हो. पुलिस को सबसे पहले एक कार पर गोली चलाए जाने की सूचना मिली थी.

FBI जांच में कर रही मदद

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI भी स्थानीय पुलिस की मदद कर रही है. FBI निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि एजेंसी की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और जांच के लिए जरूरी सोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे. बेंड-ला पाइन स्कूल्स के सुपरिंटेंडेंट स्टीवन कुक ने कहा कि स्कूल के लोग इस घटना से गहरे सदमे में है. उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई.

स्कूल में करीब 450 बच्चे पढ़ते हैं

सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल में करीब 450 बच्चे पढ़ते हैं और लगभग 40 कर्मचारी काम करते हैं. यहां आमतौर पर 5 से 11 साल तक के बच्चे पढ़ाई करते हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है.

अमेरिका में गन कल्चर 

अमेरिका में गन कल्चर की वजह से आए दिन हमले होते रहते हैं. इनमें स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर गोलीबारी, घरेलू हिंसा, दुर्घटनाएं और आत्महत्या में बंदूक का इस्तेमाल शामिल हैं. प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक 2024 में अमेरिका में बंदूक से जुड़ी 44,447 मौतें हुईं. इनमें लगभग 62 फीसदी मौतें आत्महत्या और 35 फीसदी हत्याओं के कारण हुईं. बाकी मामलों में दुर्घटनाएं, पुलिस की कार्रवाई और अन्य कारण शामिल थे.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *