दिल्ली में यमुना की सफाई एक बड़ा मुद्दा है. वहीं रेखा गुप्ता सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा बड़ा दावा करते हुए बताया है कि अगले चुनाव तक यमुना साफ हो जाएगी. यमुना सफाई अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि ‘यमुना चलो अभियान’ के तहत यमुना घाटों पर फैले कचरे को हटाने के लिए सफाई अभियान चलाया गया. यमुना के अंदर की सफाई का काम दिल्ली जल बोर्ड कर रहा है.
प्रवेश वर्मा ने आगे कहा कि इस अभियान में करीब 20,000 लोगों और एनजीओ ने भाग लिया. वहीं, 22,200 बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया. अभियान में 27 कॉलेजों के छात्र भी शामिल हुए. पिछले 11 सालों में अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार को यमुना की सफाई करते हुए नहीं देखा.
शुरू होगा ‘बर्थडे विद यमुना’ कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि ‘बर्थडे विद यमुना’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा. दिल्लीवासियों से अपील की जाएगी कि वे अपने जन्मदिन पर यमुना किनारे आएं, केक काटें और मां यमुना के साथ सफाई अभियान चलाकर अपना जन्मदिन मनाएं. इसके लिए वहां विशेष व्यवस्था की जाएगी.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ सरकार सख्त, AI तकनीक से होगी निगरानी
22 अक्टूबर को होगा खास कार्यक्रम
मंत्री वर्मा के मुताबिक 22 अक्टूबर को मटियाला-नजफगढ़ में UER-2 के पास सुबह 11 बजे कार्यक्रम होगा. इसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल होंगी. यमुना में गिरने वाले 22 नालों की सफाई की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि नालों का गंदा पानी सीधे यमुना में न जाए. 22 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करीब 8941 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे. कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू भी मौजूद रहेंगे. इस दौरान 43 योजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा.
उन्होंने आगे बताया कि इन योजनाओं में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, डीएसटीपी, सीवर सिस्टम और पंपिंग स्टेशन जैसे कार्य शामिल हैं. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद नालों में गंदा पानी जाने से रोकने में मदद मिलेगी. दिल्ली की 240 नई कॉलोनियों में सीवर कनेक्शन देने का काम किया जा रहा है. इनमें वे कॉलोनियां भी शामिल हैं, जो पहले अनधिकृत थीं. मंत्री के अनुसार दिल्ली में साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर यमुना रिवरफ्रंट बनाया जाएगा. इसके लिए संबंधित अधिकारियों के साथ एमओयू की फाइल आगे बढ़ा दी गई है.
‘दो फेज में डेवलप होगा यमुना रिवरफ्रंट’
यमुना रिवरफ्रंट दो चरणों में विकसित होगा. पहले चरण में पल्ला से वजीराबाद और दूसरे चरण में वजीराबाद से कालिंदी कुंज तक का क्षेत्र शामिल होगा. प्रवेश वर्मा ने कहा कि अगले चुनाव से पहले दिल्लीवासियों को यमुना रिवरफ्रंट का मॉडल दिखाया जाएगा. 18 महीने में सरकार इस मुकाम तक पहुंचेगी, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी. यमुना रिवरफ्रंट बनाने के बारे में भी पहले किसी ने नहीं सोचा था.
‘सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के बाद ही साफ होगा पानी’
प्रवेश वर्मा ने कहा कि जब भी आप शोर मचाएं, तो मान लीजिए कि हमारी सरकार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि यमुना का पानी तभी साफ होगा, जब सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनकर तैयार होंगे और 14 लाख घरों में सीवर कनेक्शन होगा. घरों का गंदा पानी सीवर के जरिए STP तक पहुंचेगा, जहां उसे ट्रीट करने के बाद यमुना में छोड़ा जाएगा.
‘यमुना को साफ होने में लगेंगे ढाई साल
प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि अगले चुनाव तक यमुना साफ हो जाएगी. अगले 6 महीने से एक साल में लोग बदलाव देखेंगे. डेढ़ साल में यमुना का पानी कुछ साफ होगा, जबकि ढाई साल में इसमें और सुधार होगा. यमुना की सफाई के लिए सौ फीसदी सीवेज का ट्रीटमेंट जरूरी है.
‘पिछली सरकारों में नहीं थी छठ मनाने की व्यवस्था’
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में छठ मनाने के लिए घाटों की व्यवस्था नहीं की जाती थी. उनकी सरकार घाटों पर साफ पानी उपलब्ध कराएगी. दिल्ली में पहले से मौजूद 37 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में से 28 को अपग्रेड किया जा चुका है. सीवेज ट्रीटमेंट की क्षमता में 250 MGD का अंतर है, जिसे पूरा करना होगा, ताकि यमुना में बिना ट्रीट किया हुआ गंदा पानी जाने से रोका जा सके.
ये भी पढ़ें: ‘फ्रांस जैसा प्रोटेस्ट यहां हो जाए तो…’, कांग्रेस नेता का बड़ा बयान
