सच्ची दोस्ती और अपनों का प्यार किसे कहते हैं, इसका जीता-जागता उदाहरण इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है. मौत भले ही दो दोस्तों को शारीरिक रूप से अलग कर दे, लेकिन अगर रिश्ता दिल से जुड़ा हो तो वह इंसान के जाने के बाद भी अमर रहता है. एक बेटे के साथ हाल ही में कुछ ऐसा ही हुआ, जब एक सब्जी वाले ने उससे पैसे लेने से साफ मना कर दिया और जो वजह बताई, उसने करोड़ों लोगों की आंखें नम कर दीं.
13 साल पहले हुई थी पिता की मौत, पर सब्जी वाले ने नहीं भूले पुराना रिश्ता
भावेश नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर ने सोशल मीडिया पर इस भावुक मुलाकात का एक वीडियो शेयर किया है, जिसे अब तक 2.7 करोड़ (27 Million) से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं. भावेश ने वीडियो में बताया कि उनके पिता का निधन साल 2013 में ही हो गया था. पिता के गुजरे 13 साल बीत चुके हैं, लेकिन जब भी भावेश उस सब्जी वाले के पास जाते हैं, वह उनसे एक रुपया भी लेने से इनकार कर देता है.
“अरे, घर में ही तो जा रही है… घर के पैसे नहीं होते”
वीडियो में जब भावेश सब्जी वाले को पैसे देने की कोशिश करते हैं, तो वह सब्जी वाला मुस्कुराते हुए बड़ी आत्मीयता से कहता है “अरे, घर में ही तो जा रही है. घर के पैसे नहीं होते.”
सब्जी वाले का मानना था कि भावेश सिर्फ एक ग्राहक नहीं, बल्कि उसके 35 साल पुराने जिगरी दोस्त का बेटा है और दोस्त का घर उसका अपना घर है. अपने दोस्त को याद करते हुए सब्जी वाले के चेहरे पर मुस्कान तो थी, लेकिन आंखों में उमड़ते जज्बात को छिपाना मुश्किल हो रहा था. वह अपने आंसू छिपाने के लिए नजरें चुराता दिखा. जाने से पहले भावेश ने उस अंकल को गले लगा लिया, जिसे देखकर हर किसी का दिल भर आया.
यह भी पढ़ें: फेक टोल मनी मांगने पहुंचा शख्स, ड्राइवर ने कर दी बोलती बंद
सोशल मीडिया पर छलके लोगों के आंसू, लोग बोले- “ऐसी इंसानियत अब देखने को नहीं मिलती”
इंटरनेट पर यह वीडियो आते ही लोगों के दिलों को छू गया. लोग इस दुर्लभ और निस्वार्थ दोस्ती की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…”सब्जी वाले अंकल की आंखों में अपने दोस्त के लिए सच्चा प्यार और दर्द साफ दिख रहा है, ऐसी दोस्ती आज के दौर में अनमोल है.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया… “भावेश आप बहुत किस्मत वाले हैं कि आपके पिता के जाने के बाद भी ऐसा प्यार करने वाला इंसान आपके साथ है.”
वहीं एक और यूजर ने कहा… “सब्जी वाले का यह तरीका दिखाता है कि आपके पिताजी इंसान कितने महान रहे होंगे, दोस्त आज भी उनका एहसान और रिश्ता निभा रहा है.”
यह भी पढ़ें: ट्रेन के 3AC कोच में पान वाले ने खोल लिया खोखा, चूना लगाते वीडियो वायरल
