पैरों की साफ-सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी है, लेकिन अक्सर लोग नहाते समय पैरों और नाखूनों की सफाई को नजरअंदाज कर देते हैं. खासकर नाखूनों के किनारों में मिट्टी, धूल, पसीना और डेड स्किन जमा होती है. अगर इसकी नियमित सफाई न की जाए, तो पैरों से बदबू आने और त्वचा में परेशानी होती है . जानते हैं पैरों के नाखूनों के साइड में जमा गंदगी को साफ करने का आसान और सुरक्षित तरीका.
गुनगुने पानी से करें पैरों की सफाई
पैरों के नाखूनों के आसपास जमा गंदगी को साफ करने के लिए सबसे पहले पैरों को गुनगुने पानी से धो लें. इसके लिए एक टब में गुनगुना पानी लें और पैरों को कुछ मिनट तक उसमें रखें. इससे नाखूनों के आसपास जमा धूल और गंदगी को साफ करना आसान होता है. इसके बाद हल्के साबुन और पानी की मदद से पैरों को साफ करें. नाखूनों के किनारों को साफ करने के लिए मुलायम नेल ब्रश का इस्तेमाल करें. ब्रश को धीरे-धीरे चलाएं और त्वचा पर ज्यादा दबाव न डालें. सफाई के बाद साफ तौलिए से पैरों को अच्छी तरह सुखा लें, खासकर उंगलियों के बीच की जगह को. बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे त्वचा रूखी होती है.
सफाई करते समय न करें ये गलतियां
नाखूनों के साइड में जमा गंदगी निकालने के लिए नुकीली पिन, सुई, ब्लेड या किसी दूसरी धारदार चीज का इस्तेमाल न करें. ऐसा करने से नाखून के आसपास की त्वचा कट सकती है और संक्रमण का खतरा बढ़ता है. इसी तरह नाखूनों के अंदर बहुत गहराई तक कोई वस्तु डालकर सफाई करने से बचें. इससे नाखून के नीचे की सेंसटिव स्किन को नुकसान पहुंचता है. नाखूनों को बहुत छोटा काटना या उनके कोनों को ज्यादा गहराई तक काटना भी सही नहीं है, क्योंकि इससे नाखून त्वचा के अंदर बढ़ने की समस्या होती है. नाखून काटने के लिए साफ नेल कटर का इस्तेमाल करें और उसे किसी दूसरे व्यक्ति के साथ बांटने से बचें.
यह भी पढ़ें : पानी पीते ही बार-बार आती है पेशाब? डॉक्टर की सलाह पर कराएं ये टेस्ट
पैरों को साफ रखने के लिए अपनाएं ये आदतें
पैरों के नाखूनों में गंदगी जमा होने से बचाने के लिए रोजाना पैरों को साबुन और पानी से धोएं. इसके बाद उन्हें अच्छी तरह सुखाएं और साफ मोजे पहनें. अगर पैरों में ज्यादा पसीना आता है, तो मोजे नियमित रूप से बदलें और ऐसे जूते पहनें जिनमें हवा आने-जाने की पर्याप्त जगह हो. नाखूनों को साफ और उचित लंबाई में रखें. यदि नाखून के आसपास लालिमा, सूजन, दर्द, पस या बदबू लगातार बनी रहती है, तो इसे केवल गंदगी की समस्या न समझें. ये संक्रमण के संकेत हो सकते हैं. डायबिटीज या पैरों में ब्लड फ्लो से जुड़ी परेशानी वाले लोगों को पैरों की सफाई करते समय विशेष सावधानी रखनी चाहिए और किसी भी घाव या संक्रमण के संकेत पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. नियमित सफाई और सही देखभाल से पैरों को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें : गाना सुनते हुए लगवाएंगे इंजेक्शन तो कम महसूस होगा दर्द, चौंका देगी यह रिसर्च
डिस्क्लेमर : नाखून के आसपास दर्द, सूजन, पस या संक्रमण के लक्षण होने पर डॉक्टर से सलाह लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
