खांसी शरीर की एक सामान्य प्रतिक्रिया है, जिसके जरिए सांस की नली से धूल, बलगम और दूसरी परेशान करने वाली चीजें बाहर निकलती हैं. सर्दी-जुकाम के बाद कुछ दिनों तक कफ आना आम बात है, लेकिन जब खांसी तीन सप्ताह या उससे ज्यादा समय तक बनी रहती है तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है. खासकर अगर कफ के साथ दूसरे लक्षण भी दिखाई दें, तो इसे केवल मौसम का असर समझकर टालना ठीक नहीं है.
लंबे समय तक कफ आने के पीछे हो सकती हैं ये बीमारियां
लगातार कफ आने की कई वजहें हो सकती हैं. सर्दी-जुकाम के बाद खांसी कुछ समय तक बनी रहती है. इसके अलावा एलर्जी, अस्थमा, ब्रोंकाइटिस, धूम्रपान और पेट में बनने वाला एसिड गले तक पहुंचने जैसी समस्याएं भी खांसी का कारण बन सती हैं. कुछ मामलों में यह फेफड़ों के संक्रमण या टीबी का संकेत भी हो सकती है. टीबी में तीन सप्ताह या उससे ज्यादा समय तक खांसी रहना, बलगम आना, बुखार, रात में पसीना आना और बिना वजह वजन कम होना जैसे लक्षण दिखते हैं.
यह भी पढ़ें : सर्दियों के जुकाम को आने से कैसे रोकें, लक्षण दिखते ही करें ये काम
कफ के साथ दिखें ये लक्षण तो हो जाएं सतर्क
अगर लगातार कफ आने के साथ सीने में दर्द, सांस फूलना, तेज बुखार, भूख कम लगना या बिना वजह वजन घटने जैसी परेशानी हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें. बलगम में खून आना भी गंभीर संकेत है और ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए. सांस लेने में बहुत परेशानी हो या हालत तेजी से बिगड़ रही हो, तो नजदीकी अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में जाएं. टीबी जैसी बीमारी में लक्षण धीरे-धीरे सामने आते हैं, इसलिए लंबे समय से खांसी होने पर जांच टालना सही नहीं है. समय पर बीमारी की पहचान होने से इलाज शुरू किया जा सकता है और संक्रमण फैलने का खतरा भी कम करने में मदद मिलती है.
लगातार कफ आने पर क्या करें और कैसे होती है जांच
अगर खांसी तीन सप्ताह से ज्यादा समय से बनी हुई है, तो डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लें. डॉक्टर आपकी परेशानी, खांसी की अवधि, धूम्रपान की आदत और अन्य लक्षणों के बारे में पूछ सकते हैं. जरूरत के अनुसार बलगम की जांच, छाती का एक्स-रे या फेफड़ों की कार्यक्षमता से जुड़े टेस्ट कराने की सलाह देते हैं. और जांच के बाद ही इलाज तय किया जाता है. इस दौरान पर्याप्त पानी पिएं, धुएं और धूल से बचें और धूम्रपान करते हैं तो इसे छोड़ने की कोशिश करें. बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या खांसी की दवाएं न लें, क्योंकि हर खांसी का कारण बैक्टीरियल संक्रमण नहीं होता. घरेलू उपाय कुछ समय के लिए राहत दे सकते हैं, लेकिन लंबे समय से बनी खांसी का इलाज नहीं हैं. लक्षण बने रहने या बढ़ने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़ें : क्या प्यास लगने पर ही पानी पीना चाहिए, क्या है सही तरीका?
डिस्क्लेमर: लंबे समय तक कफ आने के कई कारण हो सकते हैं और केवल लक्षणों से बीमारी की पुष्टि नहीं की जा सकती. तीन सप्ताह से ज्यादा खांसी रहने पर डॉक्टर से जांच कराएं. खून वाला बलगम, सीने में दर्द या सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
