बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए आज (शुक्रवार) वोटिंग हो रही है. शुरुआती चार घंटों के दौरान मिला-जुला मतदान दर्ज किया गया. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सर्वाधिक 42.55 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 37.5 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.
इन चुनावों में कुल 5.32 लाख मतदाता 150 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के पात्र हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कोसी में सर्वाधिक 17.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इसके बाद पटना में 15.02 प्रतिशत, दरभंगा में 13 प्रतिशत और तिरहुत में 5.55 प्रतिशत मतदान हुआ.
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 30.06% वोटिंग
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सारण के बाद दरभंगा में 37.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. वहीं, पटना में 30.06 प्रतिशत और तिरहुत में 10.64 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक जारी रहेगा. एक अधिकारी ने कहा, “अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है.”
गुटबाजी के कारण चर्चा में पटना स्नातक सीट
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) में गुटबाजी सामने आने के कारण विशेष रूप से चर्चा में है. मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं.
पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले नीरज कुमार इस सीट से लगातार चौथी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं. अनंत सिंह ने आरोप लगाया है कि नीरज कुमार ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ काम किया था. इसी कारण वह जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं.
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अलावा दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतदान हो रहा है.
क्या कहते हैं वोटर?
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शुरुआती मतदाताओं में शामिल मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने कहा, “इस बार सबसे बड़ा मुद्दा वित्त रहित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का है, जिन्हें सरकार से उचित वित्तीय सहायता नहीं मिलती. हमारी लंबे समय से नियमित वेतनमान, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा की मांग रही है. हम इन मांगों को पूरा कराने के लिए लगातार मजबूती से अपनी बात उठाते रहे हैं.”
बता दें कि मौजूदा विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है. बीजेपी ने चार निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे हैं. इनमें विधान परिषद के तीन मौजूदा सदस्य भी शामिल हैं, जो दोबारा चुनाव जीतने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं, जेडीयू ने शेष चार सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं.
नवल किशोर यादव के अलावा बीजेपी के अन्य उम्मीदवारों में एनके यादव और सर्वेश कुमार शामिल हैं, जो क्रमशः कोसी स्नातक और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: पुलिस हिरासत में छोटू सिंह, PK के कैंडिडेट के हैं समर्थक
पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है. इस सीट पर फिलहाल विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के घटक दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के संजय कुमार सिंह विधान परिषद सदस्य हैं.
सभी आठ सीटों पर लड़ रही पीके की पार्टी
प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज सभी आठ सीट पर चुनाव लड़ रही है. पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के बाद उसमें बदलाव करते हुए तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा की जगह श्याम नंदन यादव को और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रविंद्र यादव की जगह मोहम्मद इम्तियाज (नूरानी) को उम्मीदवार बनाया है.
यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: मोकामा में झड़प, अनंत सिंह और नीरज के समर्थक भिड़े
