Headlines

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का बड़ा प्लान, लगाएगा जनता की अदालत में महाभियोग


इंडिया गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोट चोरी और SIR में कथित गड़बड़ियों को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं है. इसको लेकर एक बड़े प्लान की तैयारी इंडिया ब्लॉक की तरफ से की गई है. ज्ञानेश कुमार पर नकेल कसने के लिए जनता की अदालत में महाभियोग लाया जाएगा. 

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि संविधान को बचाने और वोट चोरों को हराने की हमारी कोशिशों के तहत, इंडिया गठबंधन 30 अक्टूबर को एक महत्वपूर्ण जन-महाभियोग कार्यक्रम आयोजित करेगा. 

जनता का फैसला सुनाया जाएगा: वेणुगोपाल

उन्होंने आगे बताया कि वोट चोर सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए जनता का फैसला स्पष्ट रूप से सुनाया जाएगा. इस महाभियोग के बाद हम वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली चलो मार्च निकालेंगे, जो नवंबर को रामलीला मैदान में संपन्न होगा. इसमें कम से कम 10 लाख जागरूक नागरिक हिस्सा लेंगे. 

उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया गठबंधन के सभी दलों से संपर्क किया है. उनसे आग्रह किया है कि इस दौरान उनके नेता और सदस्य भारी संख्या में दिल्ली में मौजूद रहेंगे. 

इससे पहले वेणुगोपाल ने एक्स पर कुछ नेताओं के साथ तस्वीर साझा करते हुए कहा कि आजय माकन के साथ मैंने एआईसीसी प्रभारी, पीसीसी अध्यक्ष और दिल्ली के सीनियर नेताओं से मुलाकात की. इस मीटिंग में वोट चोरी के खिलाफ 1 नवंबर को होने वाली हमारी मेगा रैली की तैयारियों की चर्चा की गई. 

इंडिया गठबंधन करेगा महारैली का आयोजन

इससे पहले कांग्रेस ने रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को इंडिया गठबंधन की तरफ से अब तक की सबसे बड़ी रैली के आयोजन का ऐलान किया. यह रैली ज्ञानेश कुमार और वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के तौर पर बुलाई गई है. इस रैली में लाखों लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है. इसमें गठबंधन के सभी बड़े नेता शामिल होंगे. 

बीजेपी ने साधा महारैली पर निशाना

वहीं, इस रैली को लेकर बीजेपी ने निशाना साधा है. बीजेपी का कहना है कि 1 नवंबर की तारीख जानबूझकर चुनी गई है. यह 1 नवंबर 1984 के सिख विरोधी दंगों की याद दिलाती है. भाजपा का कहना है कि गठबंधन के अन्य लोग इस तारीख से सहमत नहीं थे. 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *