उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं. कई राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन कुछ सीटों पर अखिलेश यादव की सपा को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इस बीच दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और बीजेपी समर्थक संगीत रागी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि मैं चाहता हूं कि हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण हो.
दरअसल, एबीपी न्यूज के कार्यक्रम ‘महादंगल’ में एक डिबेट के दौरान संगीत रागी ने कहा, इस देश में इतना भद्दा नेरेटिव चलता है कि मुसलमानों का वोट नहीं कटना चाहिए. मुसलमानों का वोट सेक्यूलर होता है. और ये कह दिया जाए कि हिंदुओं का वोट नहीं कटना चाहिए. मैं तो उस खेमे का आदमी हूं जो चाहता हूं हिंदुओं का वोट नहीं कटना चाहिए, क्योंकि हिंदुओं का वोट कटेगा तो फिर वहां ममता बनर्जी जैसी सरकार बनेगी जो हिंदू विरोधी होगी.
#WATCH | अखिलेश यादव और मुसलमानों को लेकर सुनिए क्या बोले डीयू प्रोफेसर संगीत रागी? देखिए ‘महादंगल’ चित्रा त्रिपाठी (@chitraaum) के साथ | @RagiSangit | https://t.co/SMm0dUypVm #SamajwadiParty #AIMIM #UP #MahadangalOnABP #ChitraTripathiOnABP #ABPNews https://t.co/lx2hYIvrJN
— ABP News (@ABPNews) October 27, 2026
‘मैं तो चाहता हूं कि हिंदू-मुस्लिम ध्रुविकरण हो’
संगीत रागी ने आगे कहा, मैं तो चाहता हूं कि हिंदू-मुस्लिम ध्रुविकरण हो. ऐसा न हो कि सिर्फ मुस्लिम पॉलराइज करे और हिंदू पॉलराइज न करे. उन्होंने दावा किया कि देश में मुसलमान कभी भी विकास के नाम पर वोट नहीं करता है, विचारधारा के नाम पर वोट नहीं करता है, मुसलमान सिर्फ इस पर वोट करता है कि कौनसी पार्टी बीजेपी को हरा सकती है.
उन्होंने दावा किया कि नीतियों के आधार पर बीजेपी ने मुसलमानों का भला किया है. उन्होंने कहा कि मुस्लिम बस्तियों में आवास से लेकर नल से जल में कोई भेदभाव नहीं किया है. रागी ने कहा कि इसलिए असदुद्दीन ओवैसी का सवाल भी वाजिब है.
‘हिंदुओं को हितों की बलि नहीं देनी चाहिए’
उन्होंने परिवारवाद पर अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव के परिवार को सियासत में खड़ा करने के लिए यादवों को कुर्बानी नहीं देनी चाहिए. उन्होंने कहा कि हिंदुओं को अपने हितों की बलि नहीं देनी चाहिए. रागी ने कहा कि मुसलमान तो मुसलमान के नाम पर वोट करेगा और तुम यादव के नाम पर वोट करोगे.
