प्रेम विवाह से नाराज लड़की के पिता ने अपनी जिंदा बेटी का ही पिंडदान कर दिया. मामला बिहार के कटिहार से सामने आया है. इस घटना ने सामाजिक प्रतिष्ठा और जातिगत सोच को लेकर नई बहस छेड़ दी है. बेटी ने अपनी पसंद से जीवनसाथी चुना तो पिता ने रिश्तों को तोड़ने हुए बीते गुरुवार (30 अक्टूबर, 2026) को उसका श्राद्धकर्म कर दिया.
पिंडदान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह पूरा मामला कटिहार के कदवा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, श्याम ठाकुर की पुत्री ने 23 अक्टूबर 2026 को मुखिया सरिता देवी के बेटे अजय पासवान के साथ प्रेम-विवाह कर लिया. इससे नाराज पिता ने आहत होकर पिंडदान कर दिया.
अलग-अलग जाति के हैं लड़का-लड़की
बताया जाता है कि लड़की ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखती है जबकि लड़का पासवान समाज से है. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. परिजनों की नाराजगी के बीच दोनों ने अपनी मर्जी से विवाह करने का फैसला किया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों ने कोर्ट मैरिज के बाद अपने विवाह से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया.
यह भी पढ़ें- NIA का एक्शन, एके-47 की तस्करी मामले में पटना HC का वकील गिरफ्तार
शादी के बाद लड़की ने जो वीडियो जारी किया है वो 35-36 सेकेंड का है. इसमें वह कहती है कि उसने अपनी मर्जी से अजय के साथ शादी की है.
बेटी के प्रेम-विवाह की खबर से पिता श्याम ठाकुर काफी आहत हैं. वायरल वीडियो में वे अपनी जीवित बेटी का अंतिम संस्कार और पिंडदान करने की बात करते नजर आते हैं. उनकी मानें तो बेटी के इस कदम से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा और मान-सम्मान को ठेस पहुंची है.
नाराजगी में उन्होंने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार बेटी का श्राद्धकर्म और पिंडदान कर दिया. परिजनों का कहना है कि अब उनके लिए बेटी का अस्तित्व मृतक के समान है और वे उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहते. इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें- दुलारचंद हत्याकांड: अनंत सिंह पर चिराग पासवान की दो टूक, जानें क्या कहा
