Headlines

स्टार गेंदबाज हुआ फिट, NZ वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ी राहत 


टीम इंडिया को न्यूजीलैंड दौरे पर बुधवार (04 नवंबर) से पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. इससे पहले मेन इन ब्लू के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने तीनों फॉर्मेट के लिए फिट घोषित कर दिया गया है. टीम का एलान होते वक्त प्रसिद्ध न्यूजीलैंड वनडे सीरीज (शुरुआती 3 मैच) के लिए टीम इंडिया का हिस्सा थे, लेकिन फिर भारतीय बोर्ड ने उनके बाहर होने का अपडेट दिया था. 

क्रिकबज में छपी एक रिपोर्ट में बताया गया कि बेंगलुरु में स्थित केंद्र में पिछले दो दिनों में किए गए सिमुलेशन टेस्ट के बाद भारतीय तेज गेंदबाज को CoE की मेडिकल टीम से मंजूरी मिल गई है. आगे बताया गया कि उनके जल्द ही न्यूजीलैंड रवाना होने की उम्मीद है. संभवत: अगली उपलब्ध फ्लाइट से ही- ताकि वह 7 नवंबर से शुरू होने वाले इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए की टीम के बीच तीसरे और आखिरी अनौपचारिक टेस्ट के लिए उपलब्ध रह सकें. हालांकि वनडे सीरीज वह बाहर ही रहेंगे. 

वेस्टइंडीज सीरीज में हुई थी इंजरी 

बता दें कि प्रसिद्ध को वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे (30 सितंबर) के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी. न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से बाहर हो चुके प्रसिद्ध उसके बाद होने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे.

प्रसिद्ध कृष्णा का अंतर्राष्ट्रीय करियर 

प्रसिद्ध भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने अब तक अपने करियर में 9 टेस्ट, 30 वनडे और 8 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल लिए हैं. टेस्ट की 17 पारियों में वह 30.34 की औसत से 32 विकेट चटका चुके हैं, जिसमें मैच बेस्ट फिगर 8/188 का है. वनडे की 30 पारियों में उन्होंने 27.09 की औसत से 53 विकेट अपने नाम किए हैं, जिसमें बेस्ट फिगर 5/23 का है. बाकी टी20 इंटरनेशनल की 8 पारियों में प्रसिद्ध ने 9 विकेट अपनी झोली में डाले, जिसमें बेस्ट फिगर 3/41 का है. यहां उन्होंने 11 की इकॉनमी से रन खर्चे हैं. 

 

यह भी पढ़ें: प्रेस कॉन्फ्रेंस: ‘अगर मेरे हाथ में होता…’ वनडे सीरीज से पहले शुभमन गिल का छलका दर्द



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *