Headlines

सलमान खान के ऑन-स्क्रीन बेटों को जानते हैं आप? टीवी की इस पॉपुलर जोड़ी के लाडले हैं अजई और इवार


बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की मच-अवेटेड फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ इन दिनों चर्चा में है. गलवान घाटी की घटना पर आधारित इस फिल्म के टीजर और गानों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. वहीं, 6 नवंबर को रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर ने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है.

फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद दो नन्हे स्टार्स भी सुर्खियों में आ गए हैं. इनके नाम अजई और इवार हैं, जो फिल्म में सलमान खान के बेटों का किरदार निभाते नजर आएंगे. अब फैंस जानना चाहते हैं कि आखिर ये दोनों बच्चे कौन हैं. आइए जानते हैं.

टीवी की पॉपुलर जोड़ी के बेटे हैं अजई और इवार

अगर आप सोच रहे हैं कि अजई और इवार किसी फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं, तो बता दें कि उनका कनेक्शन टेलीविजन की दुनिया से है. दरअसल, दोनों मशहूर टीवी एक्टर शब्बीर अहलूवालिया और एक्ट्रेस कांची कौल के बेटे हैं. 

शब्बीर को आपने ‘कुमकुम भाग्य’ जैसे लोकप्रिय सीरियल में अभि के किरदार में देखा होगा. अब उनके दोनों बेटे सलमान खान की फिल्म से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं.

ऐसे मिला सलमान खान की फिल्म में काम करने का मौका

अजई और इवार को इतनी बड़ी फिल्म में काम कैसे मिला, इसकी कहानी भी दिलचस्प है. फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं, जो ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ जैसी फिल्में बना चुके हैं. अपूर्व, शब्बीर अहलूवालिया और कांची कौल के पुराने और करीबी दोस्त हैं.

जब उन्हें फिल्म में सलमान खान के बेटों के किरदार के लिए दो सगे भाइयों की जरूरत थी, तो उनके दिमाग में अजई और इवार का नाम आया. इसके बाद शब्बीर और कांची भी अपने बच्चों को इस फिल्म का हिस्सा बनाने के लिए तैयार हो गए.

फिल्म में सलमान के बेटों का किरदार निभाएंगे दोनों बच्चे

फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में सलमान खान भारतीय सेना के कर्नल बी. संतोष बाबू के किरदार में नजर आएंगे. वो 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर थे और साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों का नेतृत्व कर रहे थे. वहीं, चित्रांगदा सिंह उनकी पत्नी की भूमिका निभा रही हैं. अजई और इवार फिल्म में इसी फौजी परिवार के दो बेटों का किरदार निभाएंगे.

ट्रेलर लॉन्च पर सलमान ने अजई और इवार पर लुटाया प्यार

अजई और इवार 6 नवंबर को फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में भी पहुंचे थे. यहां दोनों ने सलमान खान और चित्रांगदा सिंह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. इस दौरान सलमान दोनों बच्चों के साथ मस्ती करते और उन पर प्यार लुटाते नजर आए.

सलमान खान के ऑन-स्क्रीन बेटों को जानते हैं आप? टीवी की इस पॉपुलर जोड़ी के लाडले हैं अजई और इवार

उनकी ये खास बॉन्डिंग लोगों को खूब पसंद आई. वैसे भी सलमान को बच्चों के साथ मस्ती करते हुए अक्सर देखा जाता है. ट्रेलर लॉन्च पर भी उनका यही अंदाज देखने को मिला.

कब रिलीज होगी ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’?

‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित है. फिल्म में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह के अलावा मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, ज़ेन शॉ और अभिलाष चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ये फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसे सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *