Headlines

पटना में घर में घुसकर सिर में मारी गोली, मौके पर मौत; इलाके में दहशत


बिहार की राजधानी पटना के बिहटा में बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मंगलवार (10 नवंबर 2026) देर रात दो बाइक सवार अपराधी सिमरी गांव पहुंचे. उन्होंने युवक के घर का दरवाजा खुलवाया. जैसे ही युवक बाहर आया, उसके सिर में गोली मार दी. वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. मृतक की पहचान 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है. इलाके में भी दहशत का माहौल है.

जानकारी के मुताबिक, इरफान पिछले दो साल से सिमरी गांव में किराए के मकान में रह रहा था. मंगलवार रात करीब 11:30 बजे दो लोग उसके घर पहुंचे. उन्होंने दरवाजा खुलवाया. इरफान ने जैसे ही दरवाजा खोला, अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई. आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.

यह भी पढ़ें- पटना: 200 करोड़ के म्यूनिसिपल बॉन्ड की NSE में लिस्टिंग, CM ने बेल सेरेमनी कर किया शुभारंभ 

बड़ा बेटा कमरे में था मौजूद

घटना के समय इरफान का बड़ा बेटा उसके साथ कमरे में सो रहा था. उसकी पत्नी नेहा परवीन और छोटा बेटा वहां मौजूद नहीं थे. बताया गया कि पत्नी मायके में थी, जो सिमरी गांव में ही है. इरफान और नेहा की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी. उनके दो बेटे हैं. परिवार में विवाद के कारण इरफान पत्नी और बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहा था.

एक महीने पहले भी हुई थी फायरिंग

इरफान की पत्नी नेहा परवीन ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी उनके पति पर हमला हुआ था. वह आरा से पति के साथ बाइक से लौट रही थीं. इसी दौरान बिहटा के मौदही गांव के पास अज्ञात लोगों ने हवाई फायरिंग की थी. हालांकि, उस घटना में दोनों बाल-बाल बच गए थे. अब हत्या के बाद पुरानी फायरिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

पुलिस ने बरामद किया खोखा

बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11:30 बजे सिमरी गांव में हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक के सिर में गोली लगी थी. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि अपराधी इरफान का मोबाइल फोन भी ले गए. फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है. सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें- पप्पू यादव का निशिकांत दुबे पर हमला, बोले- 48 घंटे मंत्री काली चिट्ठी खोल दूंगा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *