Headlines

खिड़की तोड़ कमरे में घुसा रॉकेट, जलकर राख हुआ सामान; वीडियो वायरल


दीवाली के जश्न में आतिशबाजी का मज़ा तब खौफनाक मंजर में बदल गया, जब पंजाब के जीरकपुर की एक बहुमंजिला सोसायटी में जलता हुआ रॉकेट सीधे एक घर के कमरे में जा घुसा. ‘बॉलीवुड हाइट्स 1’ सोसायटी में रहने वाले भारत राज धवन के घर में रॉकेट खिड़की का कांच तोड़ते हुए अंदर घुसा और बेड पर जाकर ब्लास्ट हो गया.

धमाके के साथ ही कमरे में भीषण आग लग गई. जब तक परिवार कुछ समझ पाता, तब तक कमरे का बेड, एसी और बाकी सामान जलकर राख हो चुका था. सोशल मीडिया पर इस घटना के बाद का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने रिहायशी सोसायटियों में आतिशबाजी की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

“सो जाते तो कोई जिंदा न बचता”, पीड़ित ने बयां किया खौफ

पीड़ित भारत राज धवन ने अपने जले हुए कमरे का वीडियो शेयर करते हुए बताया कि हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ. गनीमत यह रही कि पूरा परिवार उस वक्त जाग रहा था.

उन्होंने बताया, “अचानक प्लास्टिक जलने की बदबू आई, जब हमने कमरे में जाकर देखा तो पूरी जगह आग की लपटों में घिरी हुई थी. अगर हम सो चुके होते, तो आज हम में से कोई जिंदा नहीं बचता, सब कुछ खत्म हो जाता.”

“रात 1 बजे तक फूटते रहे पटाखे, बच्चे डर से रो रहे हैं”

भारत राज धवन ने सोसायटी मैनेजमेंट की लापरवाही पर भी जमकर गुस्सा निकाला. उन्होंने बताया कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद रात के 12:45 बजे तक लोग सोसायटियों के अंदर पटाखे फोड़ रहे थे.

उन्होंने रोते हुए बताया कि इस हादसे ने उनके परिवार को दिमागी तौर पर तोड़कर रख दिया है. उनके छोटे बच्चे रात को डर के मारे रोते हुए उठ जाते हैं और कहते हैं कि उन्हें अब इस घर में नहीं रहना. उन्होंने अपील करते हुए कहा, “अपनी दीवाली की खुशी मनाने के लिए किसी दूसरे के घर की दीवाली काली मत करो. सोसायटियों के अंदर रॉकेट फोड़ने पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए.”

यह भी पढ़ें: Chain Snatching: मुंबई में सोसायटी के अंदर महिला से लूट, वायरल हो रहा वीडियो

नेटिजन्स का फूटा गुस्सा: ‘सोसायटी मैनेजमेंट पर हो केस!’

सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है…

एक यूजर ने लिखा, “रिहायशी इमारतों के बीच रॉकेट चलाना सीधे तौर पर जानलेवा हमला करने जैसा है, ऐसे गैर-जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.”

दूसरे यूजर ने लिखा, “दूसरों की सुरक्षा को ताक पर रखकर जश्न मनाना कहां की समझदारी है? पीड़ित परिवार का नुकसान वही लोग भरें जिन्होंने रॉकेट चलाया था.” वहीं कई लोगों ने सभी सोसायटियों में पटाखे फोड़ने के लिए एक अलग खुली जगह तय करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: Viral Video: रॉकेट सी टक्कर के बाद हवा में उछला शख्स, उठा तो यूजर्स बोले- रखवाला उपरवाला





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *