उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक रेल हादसे से यात्रियों में हड़कंप मच गया. यहां कानपुर सेंट्रल स्टेशन से निकलते ही चौरीचौरा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई. अनवरगंज से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 15003 के पटरी से उतरते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया. फिलहाल, रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और डिब्बे को पटरी पर चढ़ाने के कि कोशिशें की जा रही हैं.
बताया जा रहा है कि ट्रेन प्लेटफॉर्म 7 से निकली थी. कुछ ही दूरी पर ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए. गनीमत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
यह भी पढ़ें: ‘समझ से बाहर है कि…’, यूपी के मंत्री के AMU-जामिया पर बयान से भड़के मौलाना शहाबुद्दीन
ट्रेन में 300 से ज्यादा यात्री सवार
हादसा बुधवार शाम करीब 5.00 बजे हुआ था. ट्रेन के चार एसी कोच पटरी से उतरे थे. कानपुर सेंट्रल डिप्टी सीटीएम आकांशु गोविल ने जानकारी दी है कि चौरीचौरा एक्सप्रेस के 4 कोच- B4, B5, B6, B7 डिरेल हुए थे. सभी यात्री सुरक्षित हैं. बहाली का काम जल्द से जल्द किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि इस ट्रेन में करीब 300 यात्री सवार थे.
सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. रेलवे के कमर्शियल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई.
अभी तक नहीं पता लगा हादसे का कारण
राहत की बात यह रही कि इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. रेलवे अधिकारी डिब्बों के पटरी से उतरने के कारणों की जांच में जुटे हैं. वहीं, अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में दहशत का माहौल देखने को मिला.
असम में भी आज ही डिरेल हुई थी ट्रेन
इससे पहले असम के गुवाहाटी के पास बुधवार (11 नवंबर) को कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस पटरी से उतर गई थी. इस ट्रेन में 300 से ज्यादा यात्री सवार थे. असम के सीएम ने खुद जानकारी दी थी कि डिगारू में ट्रेन के पांच डिब्बे और इंजर बेपटरी हो गए थे. हादसे में चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं.
वहीं, पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि ट्रेन में कोलकाता, नैहाटी, कृष्णानगर और मालदा तथा कटिहार मंडलों के विभिन्न स्टेशनों से यात्री सवार हुए थे. ये सभी गुवाहाटी से आगे की यात्रा कर रहे थे.
यह भी पढ़ें: कानपुर थार हादसा: आरोपी गीता सचान बोली- ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया
