Headlines

Thekua Recipe: छठ पूजा में क्यों बनाया जाता है ठेकुआ? जानिए पारंपरिक रेसिपी और महत्व


छठ पूजा में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के साथ कई पारंपरिक पकवान भी बनाए जाते हैं. इनमें ठेकुआ का विशेष स्थान है. गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार होने वाला यह पकवान छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है. इसे घरों में पूरी साफ-सफाई और श्रद्धा के साथ तैयार किया जाता है. पूजा के दौरान ठेकुआ का भोग लगाया जाता है और इसके बाद परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और अन्य लोगों में बांटा जाता है. आइए जानते हैं छठ पूजा में ठेकुआ बनाने का महत्व और इसे तैयार करने की पारंपरिक विधि.

छठ पूजा में क्यों खास है ठेकुआ?

ठेकुआ को सूर्य देव और छठी मैया को प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गेहूं, गुड़ और घी से तैयार यह प्रसाद सूर्य की ऊर्जा और तेज का प्रतीक माना जाता है. छठ पूजा में शुद्धता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है. इसलिए ठेकुआ घर पर ही पूरी श्रद्धा और सात्विक तरीके से बनाया जाता है. इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी पारंपरिक रूप से खास मानी जाती है.

मान्यता है कि छठी मैया को ठेकुआ का भोग लगाने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है. पूजा के बाद इसे प्रसाद के रूप में बांटा जाता है. इस परंपरा से परिवार और समाज के लोगों के बीच प्रेम और भाईचारे का भाव भी बढ़ता है. यही वजह है कि ठेकुआ केवल एक पकवान नहीं, बल्कि छठ पर्व की परंपरा और आस्था से जुड़ा प्रसाद है.

यह भी पढ़ें : Chilli Cutting Tips: ये है मिर्च काटने का सही तरीका, कभी नहीं लगेगी हाथों में जलन 

 पारंपरिक ठेकुआ बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री

ठेकुआ बनाने के लिए 2 कप गेहूं का आटा, करीब तीन चौथाई कप गुड़, 3 से 4 बड़े चम्मच देसी घी, एक छोटा चम्मच सौंफ, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर और 2 बड़े चम्मच कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल लें. इसके अलावा गुड़ पिघलाने के लिए करीब आधा कप पानी और तलने के लिए घी या तेल की जरूरत होगी. आप मिठास के हिसाब से गुड़ की मात्रा थोड़ी कम या ज्यादा रख सकते हैं.

 इस आसान तरीके से तैयार करें ठेकुआ

सबसे पहले एक बर्तन में गुड़ और थोड़ा पानी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें. गुड़ पिघल जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि इसकी चाशनी नहीं बनानी है. अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें और उसमें सौंफ, इलायची पाउडर और सूखा नारियल मिला दें. इसके बाद देसी घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को मुट्ठी में दबाकर देखें, अगर यह बंधने लगे तो घी की मात्रा सही है.

अब गुड़ के पानी से थोड़ा-थोड़ा करके सख्त आटा गूंथ लें. इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें. फिर छोटी-छोटी लोइयां बनाकर लकड़ी के सांचे पर दबाकर ठेकुआ का आकार दें. सांचा न होने पर हाथ या कांटे से भी डिजाइन बना लें. अब कड़ाही में घी या तेल गर्म करें और धीमी से मध्यम आंच पर ठेकुआ को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. ठंडा होने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखें, ताकि इनका कुरकुरापन बना रहे.

यह भी पढ़ें : Amla Pickle Recipe: आंवले का अचार सालभर नहीं होगा खराब! नोट करें बनाने का सही नियम



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *