त्योहारों के दौरान खुशियां मनाने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं. कोई घर सजाता है तो कोई दोस्तों और परिवार के साथ घूमने निकलता है. वहीं कुछ लोग त्योहार मनाने के उत्साह में ऐसी हरकतें कर बैठते हैं, जिनसे दूसरों की जान तक खतरे में पड़ सकती है. ऐसा ही एक मामला राजस्थान के उदयपुर से सामने आया है, जहां कुछ लोगों ने नेशनल हाईवे-58 पर स्थित चीरवा टनल के अंदर अपनी कार रोककर पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है. यूजर्स इस हरकत को सही नहीं बताते हुए पटाखे जलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कोई व्यक्ति हाईवे की सुरंग के अंदर इस तरह की हरकत कैसे कर सकता है.
चीरवा टनल में फोड़े पटाखे
दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक सुरंग के अंदर कुछ लोग अपनी कार रोककर पटाखे फोड़ते दिखाई दे रहे हैं. यह घटना राजस्थान के उदयपुर के पास स्थित चीरवा टनल की बताई जा रही है, जो नेशनल हाईवे-58 पर स्थित है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सफेद रंग की कार टनल के अंदर खड़ी है और उसके पास कुछ लोग मौजूद हैं. इसी दौरान पटाखे फोड़े जा रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि जिस जगह आतिशबाजी की जा रही है, वहां से दूसरे वाहन भी लगातार गुजर रहे हैं. पटाखों से निकलने वाला धुआं और चिंगारियां आसपास फैलती दिखाई देती हैं. इस दौरान दूसरे वाहन चालकों को भी सावधानी बरतते हुए वहां से निकलना पड़ता है.
🚨 A family has stopped their car and started bursting firecrackers inside Chirwa tunnel on NH58 near Udaipur, Rajasthan. 🙏🏼 https://t.co/Xyc1ebJUea
— Indian Tech & Infra (@IndianTechGuide) November 14, 2026
यह भी पढ़ें: आपस में भिड़ीं पापा की परियां, कपड़े फाड़े बाल नोचे, जमकर हुआ दे दनादन
टनल के अंदर पटाखे फोड़ना खतरनाक
सुरंग के अंदर पटाखे फोड़ना खुले मैदान में आतिशबाजी करने से कहीं ज्यादा खतरनाक हो सकता है. इसकी सबसे बड़ी वजह टनल की बनावट है. सुरंग एक सीमित और बंद जगह होती है, जहां हवा का सामान्य आवागमन खुले स्थानों की तुलना में कम होता है. पटाखे फोड़ने पर बड़ी मात्रा में धुआं निकलता है. टनल के अंदर यह धुआं आसानी से बाहर नहीं निकल पाता. इससे सड़क पर विजिबिलिटी कम हो सकती है. वहीं पटाखों से निकलने वाली चिंगारियां आसपास मौजूद ज्वलनशील वस्तुओं के संपर्क में आ सकती हैं. इसके अलावा किसी वाहन के पास पटाखा फूटने से भी नुकसान हो सकता है.
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे है. यूजर्स का कहना है कि पटाखे जलाना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन इसके लिए दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालना बिल्कुल गलत है. कई यूजर्स ने वाहन का नंबर पता लगाकर संबंधित लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. यूजर्स का यह भी कहना है कि हाईवे पर सफर करने वाले दूसरे यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सभी वाहन चालकों की होती है. क्योंकि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है.
यह भी पढ़ें: Panda Viral Video: पांडा के बाड़े में गिर बच्ची, फिर जानवर ने किया ये काम; वीडियो वायरल
