रश्मि देसाई के एक्स पति और टीवी एक्टर नंदीश संधू दूसरी बार शादी के बंधन में बंध गए हैं. 44 साल की उम्र में वो एक बार फिर दूल्हा बने हैं. उन्होंने 14 नवंबर, 2026 को अपनी गर्लफ्रेंड कविता बनर्जी के साथ सात फेरे लिए. दोनों ने पश्चिम बंगाल के हुगली में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी रचाई. इस समारोह में उनके परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने शिरकत की.
सोशल मीडिया पर छाईं नंदीश-कविता की शादी की तस्वीरें
नंदीश संधू और कविता बनर्जी की शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. दोनों ने अक्टूबर 2025 में सगाई कर अपने फैंस को चौंका दिया था.
उनकी सगाई की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही थीं.
अब उनकी शादी के साथ-साथ हल्दी, संगीत और मेहंदी की रस्मों के वीडियो और तस्वीरें भी इंटरनेट पर छाए हुए हैं.
नंदीश-कविता के लुक ने खींचा सबका ध्यान
नंदीश संधू ने अपनी शादी के खास मौके पर क्रीम और गोल्डन वर्क वाली शेरवानी पहनी, जिसके साथ उन्होंने मैचिंग दुपट्टा कैरी किया. वहीं, कविता बनर्जी लाल और गोल्डन हैवी एम्ब्रॉयडरी वाले ब्राइडल लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही हैं.
उन्होंने हैवी गोल्ड जूलरी, मांगटीका, नथ और चूड़ियों के साथ अपना ब्राइडल लुक पूरा किया. दोनों का पारंपरिक अंदाज शादी की तस्वीरों में खूब जंच रहा है.
एक-दूजे के प्यार में डूबे नंदीश संधू और कविता बनर्जी
नंदीश संधू और कविता बनर्जी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संगीत समारोह का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दोनों एक-दूसरे के प्यार में डूबे नजर आ रहे हैं. वीडियो में दोनों साथ में डांस करते और म्यूजिक की धुन पर झूमते दिखाई दे रहे हैं.
इस दौरान दोनों की शानदार केमिस्ट्री भी देखने को मिल रही है. उनका ये रोमांटिक अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही लोगों ने इस जोड़ी पर खूब प्यार लुटाया और उन्हें शादीशुदा जिंदगी की नई शुरुआत के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं.
रश्मि देसाई से हुई थी नंदीश संधू की पहली शादी
ये नंदीश संधू की दूसरी शादी है. इससे पहले उन्होंने टीवी एक्ट्रेस रश्मि देसाई के साथ सात फेरे लिए थे. दोनों ने साल 2012 में शादी की थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उनके रिश्ते में अनबन की खबरें आने लगीं. साल 2014 में दोनों अलग हो गए और 2016 में उनका तलाक हो गया.
नंदीश और रश्मि की मुलाकात टीवी शो ‘उतरन’ के सेट पर हुई थी. दोनों ने इस सीरियल में साथ काम किया और इसी दौरान एक-दूसरे के करीब आ गए. धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी करने का फैसला किया.
