आज के समय में हर कोई अपनी बचत को ऐसी सरकारी योजना में लगाना चाहते हैं, जहां बाजार के उतार-चढ़ाव का असर न पड़े और निवेश पर एक तय समय के बाद पैसा दोगुना हो जाए, तो किसान विकास पत्र (KVP) एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें जमा की गई रकम एक तय समय में दोगुनी हो जाती है. यानी अगर आप इसमें 1 लाख रुपए निवेश करते हैं, तो मैच्योरिटी पर आपको 2 लाख रुपए मिल सकते हैं.
किसान विकास पत्र (KVP) उन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है, जो लंबी अवधि के लिए पैसा सुरक्षित रखना चाहते हैं और जिन्हें शेयर बाजार से जुड़े जोखिम पसंद नहीं हैं. हालांकि, इसमें बड़ी रकम निवेश करने से पहले ब्याज दर, मैच्योरिटी अवधि, टैक्स और पैसे निकालने से जुड़े नियम समझना जरूरी है. बड़ी बात यह है कि इस योजना में निवेश की अधिकतम सीमा तय नहीं है. यानी कोई व्यक्ति अपनी आर्थिक क्षमता के मुताबिक 1 करोड़ रुपए तक भी निवेश कर सकता है.
किसान विकास पत्र पर कितना मिल रहा ब्याज?
अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए किसान विकास पत्र पर सालाना 7.5% ब्याज मिल रहा है. इस योजना में ब्याज सालाना कंपाउंड होता है. मौजूदा ब्याज दर के हिसाब से निवेश की रकम 115 महीने यानी करीब 9 साल और 7 महीने में दोगुनी हो जाती है.
उदाहरण के तौर पर, अगर आप इस योजना में 1 लाख रुपए जमा करते हैं, तो मैच्योरिटी पर आपको 2 लाख रुपए मिलेंगे. इसी तरह, 1 करोड़ रुपए का निवेश करने पर मैच्योरिटी के समय रकम बढ़कर करीब 2 करोड़ रुपए हो सकती है. यह रकम टैक्स से पहले की है.
क्या 1 करोड़ रुपए निवेश करना सही है?
किसान विकास पत्र (KVP) की एक खास बात यह है कि इसमें निवेश की अधिकतम सीमा तय नहीं की गई है. यानी निवेशक अपनी जरूरत और आर्थिक क्षमता के हिसाब से कितनी भी रकम जमा कर सकते हैं. हालांकि, निवेश की रकम के लिए लागू न्यूनतम जमा और अन्य नियमों का पालन करना जरूरी है.
किन लोगों के लिए सही है यह योजना?
यह योजना उन लोगों के लिए एक ऑप्शन हो सकती है, जो अपनी मूल रकम को सुरक्षित रखना चाहते हैं और लंबे समय तक एक तय रिटर्न की उम्मीद करते हैं. वरिष्ठ नागरिकों समेत ऐसे निवेशक, जिन्हें बाजार के जोखिम से दूर रहना है, इस पर विचार कर सकते हैं.
दशकों पुराना RAC सिस्टम खत्म क्यों करना चाहता है रेलवे, यात्रियों को क्या फायदा मिलेगा?
