बिहार के मुजफ्फरपुर में गुस्साए मायके वालों ने लड़की के शव को ससुराल में घर के बाहर फूंक दिया. मामला सदर थाना क्षेत्र के पताही गांव की है. महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद आक्रोशित मायके वालों ने इस तरह का कदम उठाया. पूरी घटना बीते मंगलवार (17 नवंबर, 2026) की शाम की बताई जा रही है. मृतक महिला की पहचान चंदन ठाकुर की पत्नी विभा ठाकुर (37 साल) के रूप में की गई है.
बताया जा रहा है कि मपोस्टमार्टम के बाद शव को लोग ससुराल ले आए. इसके बाद दरवाजे के सामने ही अंतिम संस्कार करने लगे. इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए.
ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
महिला के परिजन ने सदर थाने में आवेदन दिया है. इसमें पति चंदन ठाकुर, ससुर मुरारी प्रसाद ठाकुर, सास मंजू देवी और ननद पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया गया है. जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगा कि महिला की मौत कैसे हुई है.
2014 में हुई थी विभा की शादी
महिला के पिता के अनुसार, उनकी बेटी विभा की शादी 27 नवंबर 2014 को सदर थाना क्षेत्र के पताही निवासी चंदन ठाकुर से हुई थी. शादी के बाद लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसको लेकर कोर्ट में भी मामला लंबित है.
यह भी पढ़ें- ‘बिहार की पहचान लालू प्रसाद यादव से’, नीतीश सेतु पर घमासान के बीच बोले तेज प्रताप
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग विभा को लगातार प्रताड़ित करते थे. पिता ने यह भी कहा कि साजिश के तहत उनकी बेटी को जहरीला खाद्य पदार्थ खिला दिया गया जिससे कि उसकी तबीयत बिगड़ गई थी और फिर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी बेटी की मौत हो गई. महिला की मौत बीते सोमवार की रात हुई है.
इस हाई वोल्टेज वाली घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि महिला के पिता के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. आज (मंगलवार) ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया था. शाम को परिजनों ने ससुराल के गेट पर दाह संस्कार किया है. इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें- ‘नीतीश कुमार को उनका हक मिला’, सेतु के नाम बदले पर बोले विजय चौधरी
