दिल्ली में इमारतों के गिरने की लगातार सामने आ रही घटनाओं को लेकर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि राजधानी में भवन सुरक्षा को लेकर सरकार की गंभीरता नजर नहीं आ रही है.
उन्होंने दावा किया कि महज 12 दिनों के भीतर चावड़ी बाजार, पहाड़गंज और विवेक विहार में इमारतें ढहने की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि पिछले नौ महीनों में छोटी-बड़ी इमारतें गिरने की 321 घटनाएं दर्ज की गई हैं.
विवेक विहार के शाहदरा जोन स्थित ज्वाला नगर में तीन मंजिला इमारत गिरने की घटना ने एक बार फिर भवन सुरक्षा का मुद्दा चर्चा में ला दिया है. इस हादसे में छह लोग मलबे में दब गए थे. इनमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार घायल हुए. कांग्रेस अध्यक्ष ने मृतकों में शामिल तीन वर्षीय बच्ची और 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत पर शोक जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
छह महीने में इमारत गिरने की 321 घटनाएं
देवेन्द्र यादव ने दिल्ली फायर सर्विस के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक राजधानी में छोटी-बड़ी इमारतें गिरने की कुल 321 घटनाएं दर्ज की गईं. उनके मुताबिक, यह आंकड़ा हर महीने औसतन 53 इमारतों के ढहने की घटनाओं के बराबर है.
उन्होंने यह भी दावा किया कि कम से कम 10 बड़े हादसों में 45 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं. यादव ने सवाल उठाया कि जब राजधानी में लगातार ऐसे हादसे हो रहे हैं, तो भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदार विभागों की भूमिका पर जवाबदेही क्यों तय नहीं की जा रही है.
जांच और निलंबन तक सीमित न रहे सरकार की कार्रवाई
कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि हर हादसे के बाद जांच के आदेश देना और अधिकारियों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है. सरकार को यह भी देखना चाहिए कि हादसों में जान गंवाने वालों के परिवार किस स्थिति से गुजर रहे हैं और घायलों को इलाज तथा आर्थिक सहायता किस तरह मिल रही है.
उन्होंने मांग की कि मृतकों के आश्रितों और घायलों को बिना देरी उचित मुआवजा दिया जाए. साथ ही ज्वाला नगर में गिरी इमारत की निष्पक्ष जांच कराई जाए और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो. उनके अनुसार, ऐसी कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में इसी तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
पुरानी इमारतों के सर्वे पर भी उठाए सवाल
देवेन्द्र यादव ने फरवरी 2026 में दिल्ली नगर निगम की ओर से पुरानी इमारतों का सर्वेक्षण शुरू किए जाने का जिक्र करते हुए पूछा कि इसके बावजूद राजधानी में लगातार सामने आ रही इमारत ढहने की घटनाओं पर सरकार का ध्यान क्यों नहीं जा रहा है. उन्होंने सवाल किया कि क्या दिल्ली कैबिनेट को हर दिन सामने आने वाले ऐसे हादसों की जानकारी नहीं मिल रही.
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली के लोगों की समस्याओं के बजाय प्रचार, विज्ञापन और कैमरों के सामने अपनी छवि बनाने में व्यस्त हैं. उन्होंने कहा कि ” भाजपा सरकार दिल्ली के विकास का नारा दे रही है लेकिन व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते दिल्ली वालों के विनाश का कारण साबित हो रही है.”
