मुंबई के कांदिवली रेलवे स्टेशन पर AK-47 जैसी राइफल लेकर घूमते एक कथित पाकिस्तानी आतंकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया. वीडियो में एक व्यक्ति हाथ में बंदूक लेकर स्टेशन परिसर में घूमता दिखाई दे रहा था. इसके साथ दावा किया गया कि पाकिस्तानी आतंकवादी खुलेआम हथियार लेकर स्टेशन पर घूम रहा है. वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं.
हालांकि, जांच में पता चला कि वीडियो किसी वास्तविक घटना का नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया फर्जी वीडियो है. इस मामले में बोरीवली रेलवे पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है.
अमित शाह को झूठा कहने वालों पर भड़के एकनाथ शिंदे, बोले- ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’
इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ 5 सेकंड का वीडियो
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को बोरीवली रेलवे स्टेशन पर तैनात पुलिस उप-निरीक्षक गणेश यशवंत यादव की ड्यूटी एटीसी शाखा में थी. इसी दौरान पुलिस आयुक्त कार्यालय की एटीबी शाखा से उनके पास एक व्हाट्सएप वीडियो आया.
इस वीडियो में कांदिवली रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति हाथ में AK-47 जैसी राइफल लेकर घूमता दिखाई दे रहा था. करीब 5 सेकंड के इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था.
इसके साथ दावा किया गया कि पाकिस्तान का एक आतंकी कांदिवली स्टेशन पर अकेले AK-47 लेकर घूम रहा है और पूरे स्टेशन पर दहशत का माहौल है. वीडियो में किए गए दावे को गंभीरता से लेते हुए रेलवे पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी.
CCTV फुटेज खंगाले, डॉग स्क्वॉड को किया अलर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद RPF बोरीवली के अधिकारियों की मदद से कांदिवली रेलवे स्टेशन के संबंधित दिन के CCTV फुटेज खंगाले गए.
स्टेशन परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की गई, लेकिन जांच में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई. न ही किसी व्यक्ति के हथियार लेकर स्टेशन पर घूमने की पुष्टि हुई. पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से डॉग स्क्वॉड को भी अलर्ट कर दिया. इसके अलावा वायरल वीडियो को सोशल मीडिया से हटवाने के लिए साइबर शाखा को पत्र लिखा गया.
AI की मदद से बनाया गया था फर्जी वीडियो
पुलिस की शुरुआती तकनीकी जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो असली नहीं है. इसे AI की मदद से तैयार किया गया था. यानी कांदिवली स्टेशन पर किसी आतंकी के AK-47 लेकर घूमने की घटना हुई ही नहीं थी.
आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर इस फर्जी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया, ताकि लोगों के बीच डर और भ्रम का माहौल बनाया जा सके.
पालघर में डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन कोर्ट की होगी स्थापना, महाराष्ट्र कैबिनेट के 4 अहम फैसले
बोरीवली रेलवे पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने वायरल वीडियो का इंस्टाग्राम लिंक और स्क्रीनशॉट भी सबूत के तौर पर सुरक्षित रखे हैं.
अब साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो सबसे पहले किस इंस्टाग्राम अकाउंट से अपलोड किया गया था. साथ ही वीडियो बनाने और उसे वायरल करने वाले व्यक्ति की पहचान भी की जा रही है.
