कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग जर्नी ऑफ लव को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है. शिवसेना के शिंदे गुट के नेताओं ने मुंबई में किताब के खिलाफ विरोध किया. इस दौरान शिवसेना नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़कर अपना विरोध जताया. पार्टी नेताओं का आरोप है कि किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं और इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है. प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने प्रकाशक हार्परकॉलिन्स से किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखे अंशों को हटाने की मांग की.
प्रदर्शन में शिवसेना नेता और प्रवक्ता शायना एनसी, संजय निरुपम, आनंद दुबे, शीतल म्हात्रे, संजना घाडी समेत अन्य नेता मौजूद रहे. नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब के साथ-साथ कांग्रेस और उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा.
उनका कहना था कि वीर सावरकर को लेकर लिखी गई बातों पर उद्धव ठाकरे को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए. शिवसेना नेताओं ने सवाल उठाया कि जब बालासाहेब ठाकरे ने मणिशंकर अय्यर के खिलाफ विरोध जताया था, तो अब उद्धव ठाकरे इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं?
‘पापा हम घर जाएंगे’, नहीं पसीजा पिता का दिल, 2 मासूम बेटों को नहर में फेंका
नफरत का सफर है यह किताब- संजय निरुपम
शिवसेना नेता और प्रवक्ता संजय निरुपम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोनिया गांधी की किताब को लेकर कहा, “सोनिया गांधी की आत्मकथा में बिलॉन्गिंग जर्नी ऑफ लव यानी मोहब्बत का सफ़र. किताब में जो बातें लिखी है वो नफरत का सफर है.”
उन्होंने कहा, “सोनिया गांधी को भारत में आए 60 साल होने आ गया. उनके मन में स्वतंत्रता सेनानी के प्रति नफ़रत रही है. महाराष्ट्र के सुपुत्र और क्रांतिकारी वीर सावरकर से नफरत का भाव रहा. इसी किताब में लिखा है कैसे बाबरी मस्जिद तोड़ने पर उनकी आँख में आँसू आ गए. हिंदू पहचान से उन्हें नफ़रत रहा है. विवाद के बाद वो भारत की नागरिक बनने को तैयार नहीं थी.”
संजय ने आगे कहा, “सोनिया गांधी ने ऐसे महान क्रांतिकारी का अपमान किया जिसने 11 साल तक अंग्रेजों की यातना झेली. महान क्रांतिकारी का अपमान करने का ट्रेंड कांग्रेस ने शुरू किया है. पहले कांग्रेस ऐसी नहीं थी, सावरकर भवन के लिए ज़मीन कांग्रेस ने दी लेकिन सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद मुस्लिम वर्ग को खुश करने के लिए वीर सावरकर का अपमान करने लगी है. पार्लियामेंट में वीर सावरकर के तस्वीर लगाने पर सोनिया गांधी ने बहिष्कार किया जाए. देश से इतनी नफरत थी की नागरिकता नहीं ली. वो स्वतंत्रता सेनानी का अपमान करती है.”
शिंदे गुट ने किताब के फाड़े पन्ने
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब के पन्ने फाड़कर विरोध जताया. इस दौरान मणिशंकर अय्यर की एक तस्वीर भी फाड़ी गई. तस्वीर में बालासाहेब ठाकरे भी नजर आ रहे थे. हालांकि, शिवसेना प्रवक्ताओं ने साफ किया कि उनका विरोध मणिशंकर अय्यर से है और वे उनकी तस्वीर हजार बार फाड़ेंगे, जबकि बालासाहेब ठाकरे उनके आदर्श हैं.
इस पूरे मामले में संजय निरुपम ने मणिशंकर अय्यर और बालासाहेब ठाकरे से जुड़ा एक पुराना प्रसंग भी उठाया. उन्होंने कहा, “मणिशंकर अय्यर को कांग्रेस की सरकार में जब पेट्रोलियम मंत्रालय उन्हें मिला था. सेलुलर जेल पर लगी पीतल की प्लेट हटाने की बात मणिशंकर अय्यर ने की थी. तब बालासाहेब ठाकरे ने मुंबई में अय्यर के पुतले को चप्पल मारा था.”
शिवसेना प्रवक्ता शीतल म्हात्रे ने मराठी में अपनी बात रखते हुए किताब के पेज नंबर 201 का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इसमें लिखा है कि सावरकर ब्रिटिश सरकार से सजा कम करने के लिए पत्र लिखते थे. उन्होंने उद्धव ठाकरे के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने इस पुस्तक का स्वागत किया है.
शीतल म्हात्रे ने कहा, “सोनिया गांधी ने वीर सावरकर का अपमान किया है क्या ये आपको मान्य है? बालासाहेब ठाकरे ने मणिशंकर अय्यर के पुतले को जूता मारा था वो काम क्या उद्धव ठाकरे करेंगे? सोनिया गांधी की किताब का पेज नंबर 201 में जो लिखा है वो बालासाहेब ठाकरे का अपमान है, महाराष्ट्र का अपमान है. इस किताब में वीर सावरकर का अपमान किया गया है, लेकिन उद्धव ठाकरे ने इस पर एक भी शब्द नहीं बोला, उलटे वो तो इस किताब को कांग्रेस के नेता से खुश हो कर ले रहे है. ये किताब Belonging of Love ना होकर Belonging of Jihad होना चाहिए.”
सोनिया गांधी Go Back to Italy- संजना घाडी
शिवसेना प्रवक्ता संजना घाडी ने भी किताब को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, “सोनिया गांधी की किताब जर्नी ऑफ़ लव जिहाद लिखा है. पुस्तक में वीर सावरकर का अपमान हो रहा और ख़ुशी से उद्धव ठाकरे पुस्तक स्वीकार कर रहे हैं. सोनिया गांधी Go Back to Italy ये कहने का वक़्त आ गया है.”
किताब में जहर भरा हुआ है- आनंद दुबे
शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोनिया गांधी की किताब पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “इस किताब में जहर भरा हुआ है, वीर सावरकर ने इतनी यातनाएं सही है और उनके बारे में इस किताब में ऐसी बाते कही गयी है. सावरकर तेज, तप और तपस्या है. हम कब तक सहें उनका अपमान, जिसका मन होता है वो उनको माफ़ी वीर कह देता है.”
महाराष्ट्र: अशोक चव्हाण समेत 4 विधायकों की हत्या की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
शिवसेना नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए किताब के प्रकाशक हार्परकॉलिन्स से भी मांग की कि किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर मौजूद विवादित अंशों को हटाया जाए. नेताओं का कहना है कि वीर सावरकर के बारे में लिखी गई बातों से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं. शिंदे गुट ने इस मुद्दे पर उद्धव ठाकरे से भी अपना पक्ष साफ करने की मांग की है. फिलहाल किताब को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
